बिलासपुर। हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर में दिनदहाड़े पुलिस की मौजूदगी में एक युवक पर कुल्हाड़ी से हमला कर बदमाश फरार हो गए, जबकि मौके पर तैनात पुलिसकर्मी तमाशबीन बने रहे। इस घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठे हैं। मामले को गंभीरता से लेते हुए SP बिलासपुर ने ड्यूटी में लापरवाही बरतने के आरोप में दो पुलिस जवानों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
दो साल पुरानी रंजिश बताई जा रही हमले की वजह
पुलिस के मुताबिक इस हमले का मुख्य आरोपी सौरभ पटियाल उर्फ फांदी है, जो बिलासपुर जिले के घुमारवीं क्षेत्र के नसवाल गांव का रहने वाला है। बताया जा रहा है कि करीब दो साल पहले हुए गोलीकांड में सन्नी गिल ने सौरभ पर गोली चलाई थी। शुरुआती जांच में इसी पुरानी रंजिश को हमले की बड़ी वजह माना जा रहा है। पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल के दो युवा इंजीनियर केरल भू-स्खलन में लापता, तीन दिन से नहीं कोई सुराग
पुलिस के सामने हुआ हमला, फिर भी फरार हो गया आरोपी
सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि वारदात के समय मौके पर दो पुलिसकर्मी ड्यूटी पर मौजूद थे। इसके बावजूद हमलावर को रोकने या पकड़ने के लिए कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। आरोपी वारदात को अंजाम देने के बाद पुलिस की मौजूदगी में ही मौके से फरार हो गया। इस घटना के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे हैं।
लापरवाही पर दो पुलिसकर्मी निलंबित
घटना की जांच के दौरान पुलिसकर्मियों की लापरवाही सामने आने के बाद विभाग ने दोनों जवानों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की विभागीय जांच भी की जा रही है और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई होगी।
यह भी पढ़ें : लापरवाही बनी काल, तेज रफ्तार बाइक पैरापिट से टकराई; तीन सवार में दो ही बचे
कोर्ट में पेशी के लिए आया था सन्नी गिल
जानकारी के अनुसार सन्नी गिल गोलीकांड के मामले में जमानत पर बाहर है और बुधवार को बिलासपुर कोर्ट में पेशी के लिए बस से आ रहा था। पुलिस का कहना है कि मुख्य आरोपी सौरभ पटियाल अपने साथियों के साथ पहले से ही मंडी-भराड़ी में कार लेकर उसका इंतजार कर रहा था। जैसे ही सन्नी बस से उतरा, उस पर अचानक कुल्हाड़ी से हमला कर दिया गया।
टांग पर किए कई वार, वीडियो हुआ वायरल
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सौरभ ने सन्नी की टांग पर कुल्हाड़ी से पांच से ज्यादा वार किए। वारदात के बाद वह कुल्हाड़ी लेकर अपने साथियों के साथ कार में बैठा और नौणी चौक की ओर फरार हो गया। घटना के दौरान वहां मौजूद कुछ लोगों ने पूरी वारदात का वीडियो अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। पुलिस वीडियो के आधार पर भी मामले की जांच कर रही है।
