हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले में पंचायत चुनाव बेहद रोचक रहे। भोरंज उपमंडल की ग्राम पंचायत पट्टा में हुए उपप्रधान पद के चुनाव में दिनेश सिंह ठाकुर ने शानदार जीत दर्ज करते हुए लगातार चौथी बार पंचायत चुनाव जीतने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है।
हिमाचल पंचायत चुनाव में जीत का चौका
इस बार उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी को 124 से अधिक मतों के अंतर से हराकर उपप्रधान पद पर कब्जा जमाया। चुनाव मैदान में कुल चार उम्मीदवार थे, लेकिन मतदाताओं ने भारी समर्थन देकर दिनेश सिंह ठाकुर को विजयी बनाया।
यह भी पढ़ें- हिमाचल : बाइकों पर पलटा बेकाबू ट्रक, पिता-बेटियों समेत 4 की मौ*त; मां की हालत नाजुक
15 वर्षों से पंचायत राजनीति में मजबूत पकड़
लडवीं गांव से संबंध रखने वाले दिनेश सिंह ठाकुर का पंचायत राजनीति में लंबा अनुभव रहा है। वर्ष 2010 में पहली बार उन्होंने ग्राम पंचायत पट्टा में उपप्रधान पद का चुनाव जीतकर अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत की थी। 31 दिसंबर 2010 को मिली जीत के बाद उन्होंने लगातार जनसंपर्क और विकास कार्यों के दम पर अपनी अलग पहचान बनाई।
लगातार चौथी बार उप-प्रधान चुने गए
इसके बाद हुए पंचायत चुनावों में भी जनता ने उन पर भरोसा जताया। कभी प्रधान तो कभी उपप्रधान के रूप में उन्होंने पंचायत का नेतृत्व किया और लगातार लोगों के बीच सक्रिय रहे। यही कारण रहा कि एक बार फिर मतदाताओं ने उन्हें भारी समर्थन देकर जीत दिलाई।
यह भी पढ़ें- 24 साल की प्रधान, 26 का उप-प्रधान : हिमाचल की इस पंचायत ने युवाओं को दिया मौका, पेश की मिसाल
दिनेश पर लोगों ने जताया विश्वास
स्थानीय लोगों का मानना है कि दिनेश सिंह ठाकुर ने अपने कार्यकाल के दौरान पंचायत में विकास कार्यों को प्राथमिकता दी। ग्रामीणों की समस्याओं को सुनना, विभिन्न योजनाओं को लोगों तक पहुंचाना और पंचायत स्तर पर जनहित के मुद्दों को उठाना उनकी कार्यशैली का हिस्सा रहा है। चुनाव परिणामों को भी इसी विश्वास और जनसमर्थन का परिणाम माना जा रहा है।
भाजपा संगठन में भी निभा चुके हैं अहम जिम्मेदारियां
पंचायत राजनीति के साथ-साथ दिनेश सिंह ठाकुर संगठनात्मक स्तर पर भी सक्रिय रहे हैं। वर्तमान में वह भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा के प्रदेश सचिव के रूप में कार्य कर रहे हैं। इसके अलावा वह पूर्व में भोरंज युवा मोर्चा के अध्यक्ष की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं।
यह भी पढ़ें- हिमाचल पंचायत चुनाव में विवाद : ढाई घंटे तक गायब रही मतपेटी, खूब मचा हल्ला- आयोग से जांच की मांग
जनता का जताया आभार
चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद दिनेश सिंह ठाकुर ने ग्राम पंचायत पट्टा की जनता का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पंचायत के लोगों ने लगातार चौथी बार उन पर भरोसा जताया है, जिसके लिए वह सभी मतदाताओं के प्रति हृदय से कृतज्ञ हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आने वाले समय में भी पंचायत के विकास, जनसुविधाओं के विस्तार और लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी निष्ठा के साथ कार्य करते रहेंगे।
पंचायत में जश्न का माहौल
दिनेश सिंह ठाकुर की जीत के बाद उनके समर्थकों और पंचायत क्षेत्र के कई लोगों में उत्साह का माहौल देखने को मिला। समर्थकों ने एक-दूसरे को बधाई देकर खुशी जाहिर की। लगातार चौथी बार चुनाव जीतने को लेकर क्षेत्र में उनकी राजनीतिक पकड़ और जनता के बीच उनकी स्वीकार्यता की चर्चा भी रही।
