चंबा। हिमाचल प्रदेश में मानसून समय से पहले ही दस्तक दे चुका है। इस दौरान प्रदेश भर में कई सारी अप्रत्याशित घटनाएं देखने को मिल रही हैं। जहां एक ओर भारी बारिश व बाढ़ जैसे हालातों से लोग परेशान हैं, वहीं दूसरी ओर मवेशियों के लिए भी ये किसी आफत से कम नहीं। इस बीच प्रदेश के जिला चंबा से एक मानवीयता से भरी मिसाल की खबर सामने आई है, जहां एक विधायक ने अपने काफिले के साथ मिलकर एक घायल गाय की जान बचाने में अहम भूमिका निभाई।
ढांक से गिरी थी गाय
जानकारी के अनुसार, यह घटना बीते कल बुधवार शाम उस समय की है जब विधानसभा क्षेत्र चुराह के विधायक डॉ हंस राज एक जिला स्तरीय कार्यक्रम के बाद अपने निवास स्थान की ओर लौट रहे थे।
यह भी पढ़ें : बड़ी खबर: हिमाचल में एक साथ बह गए 15-20 मजदूर, रात में कैसे होगा रेस्क्यू ?
रास्ते में जब ग्राम पंचायत गड़फरी के नकरोड़ बाजार से आगे निकले, तो उन्होंने देखा कि सड़क पर एक गाय गिरी हुई है और असहाय होकर दर्द से कराह रही है। मौके पर मौजूद एक महिला गाय को हटाने की कोशिश कर रही थी, लेकिन वह अकेले असमर्थ थी।
पशुपालन विभाग के अधिकारियों को दिए निर्देश
विधायक डॉ. हंस राज ने स्थिति की गंभीरता को तुरंत समझा और बिना देर किए अपनी गाड़ी से नीचे उतरे। उन्होंने अपने साथ चल रहे सहयोगियों से मदद ली और मिलकर घायल गाय को सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया।
यह भी पढ़ें : अनुराग ठाकुर ने हिमाचल की किस बात को लेकर जताई चिंता! क्यों लिखा गडकरी लेटर ?
इसके बाद उन्होंने पशुपालन विभाग के अधिकारियों से संपर्क किया और तत्काल मौके पर पहुंचकर गाय का उचित इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
लोग बता रहे इंसानियत की मिसाल
इस घटना ने न केवल एक जनप्रतिनिधि की संवेदनशीलता को उजागर किया है, बल्कि यह भी दिखाया कि जब जनसेवक खुद ज़मीन पर उतरकर काम करें तो समाज में सकारात्मक संदेश फैलता है। स्थानीय लोग विधायक के इस सराहनीय कदम की प्रशंसा कर रहे हैं और इसे इंसानियत की मिसाल बता रहे हैं।
बहरहाल, मानसून के दौरान हिमाचल प्रदेश में जहां मनुष्य ही नहीं, पशुधन भी प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित हो रहा है, ऐसे में यह घटना सबको यह याद दिलाती है कि संवेदना और तत्परता से बड़ी कोई सेवा नहीं होती।
