कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश के जिला कांगड़ा के देहरा स्थित सेंट्रल संस्कृत यूनिवर्सिटी बलाहर के दो छात्र तीसरे दिन भी लापता हैं। दोनों की तलाश के लिए पुलिस, SDRF और अन्य एजेंसियां लगातार ब्यास नदी और आसपास के इलाकों में सर्च ऑपरेशन चला रही हैं, लेकिन अभी तक उनका कोई सुराग नहीं मिल पाया है।

ड्रोन और आधुनिक उपकरणों से हो रही तलाश

बुधवार को भी बचाव दल ने ब्यास नदी में व्यापक तलाशी अभियान जारी रखा। ड्रोन कैमरों और अन्य आधुनिक उपकरणों की मदद से नदी के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों की भी जांच की जा रही है। हालांकि लगातार हो रही बारिश के कारण नदी का पानी मटमैला होने से अभियान में काफी दिक्कतें आ रही हैं।

यह भी पढ़ें- 10 साल से व्हीलचेयर पर पिता- परिवार के लिए बेटियां कर रहीं संघर्ष, CM सुक्खू से मांगी मदद

चचेरे भाई हैं दोनों छात्र

पुलिस के अनुसार, गांव बगरोट निवासी रमन कुमार ने शिकायत दर्ज करवाई है कि उनका 17 वर्षीय बेटा कृष शर्मा और भतीजा सक्षिव शर्मा 27 जुलाई की सुबह करीब साढ़े पांच बजे घर से निकले थे। दोनों सेंट्रल संस्कृत यूनिवर्सिटी बलाहर में शास्त्री प्रथम वर्ष के छात्र हैं।

दोनों के मोबाइल भी बंद

देर शाम तक घर नहीं लौटने और दोनों के मोबाइल फोन बंद मिलने पर परिजनों ने पहले अपने स्तर पर तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद मामले की सूचना देहरा पुलिस को दी गई।

यह भी पढ़ें- CUHP के दो छात्र 3 दिनों से लापता- खोज में जुटी SDRF और पुलिस, चचेरे भाई हैं दोनों

नदी किनारे मिला छात्रों का सामान

तलाशी के दौरान पुलिस को दोनों छात्रों के बैग और कुछ अन्य सामान ब्यास नदी के किनारे मिला। इसके बाद पुलिस ने SDRF की टीम को मौके पर बुलाकर नदी में तलाश शुरू करवाई। फिलहाल विभिन्न संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए जांच और सर्च अभियान जारी है।

लोगों से मांगी गई जानकारी

पुलिस जिला देहरा के SP संदीप धवल ने लोगों से अपील की है कि यदि दोनों छात्रों के बारे में कोई भी विश्वसनीय जानकारी मिले तो तुरंत नजदीकी पुलिस थाना या डायल-112 पर सूचना दें। पुलिस का कहना है कि हर सूचना की गंभीरता से जांच की जाएगी।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें