कांगड़ा। धर्मशाला में सोमवार को उस समय तनाव की स्थिति बन गई जब एबीवीपी के कार्यकर्ताओं ने हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड मुख्यालय के बाहर 12वीं कक्षा के परीक्षा परिणामों में अनियमितताओं के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान एबीवीपी कार्यकर्ताओं और बोर्ड सुरक्षा स्टाफ के बीच धक्कामुक्की हुई, जिससे माहौल गर्मा गया।

गेट के सामने काटा बवाल

करीब 10 से 15 मिनट तक नारेबाजी के बाद जब सचिव से मिलने के लिए कार्यकर्ताओं ने गेट खोलने की मांग की, तो सुरक्षा का हवाला देकर बोर्ड कर्मियों ने मना कर दिया। इसके बाद एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने जबरन गेट खोल दिया और सचिव कक्ष तक पहुंचकर मुर्दाबाद के नारे लगाए। प्रदर्शनकारियों ने परीक्षा परिणाम की निष्पक्ष जांच, पुनर्मूल्यांकन शुल्क में कटौती और एसओएस (स्टेट ओपन स्कूल) विद्यार्थियों से वसूले जा रहे अधिक शुल्क को कम करने की मांग उठाई।

यह भी पढ़ें : CM सुक्खू ने BJP पर साधा निशाना : कहा - सरकार के पास नेताओं के खिलाफ भ्रष्टाचार के दस्तावेज

बोर्ड सचिव बोले– सुरक्षा खतरे में पड़ी

बोर्ड सचिव डॉ. मेजर विशाल शर्मा ने कहा कि परिसर में खड़ी गाड़ियों में आगामी टेट (TET) के प्रश्नपत्र रखे गए थे, इसलिए सुरक्षा कारणों से मुख्य गेट बंद किया गया था। प्रदर्शनकारियों को पहले ही सूचित किया गया था कि अधिकृत 3-4 प्रतिनिधि छोटे गेट से प्रवेश कर ज्ञापन सौंप सकते हैं, लेकिन उन्होंने चेतावनी को नज़रअंदाज़ करते हुए जबरन घुसपैठ की। इस दौरान कई कर्मियों को चोटें आईं और अभद्रता भी हुई।

FIR की तैयारी, वीडियो से होगी पहचान

बोर्ड प्रशासन ने प्रदर्शन को गंभीर सुरक्षा उल्लंघन मानते हुए कानूनी कार्रवाई की घोषणा की है। वीडियो फुटेज के माध्यम से उपद्रव में शामिल कार्यकर्ताओं की पहचान की जा रही है। सचिव ने स्पष्ट किया कि दोषियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाएगी।

यह भी पढ़ें : नहीं थम रही कलह : शिमला SP के खिलाफ BJP विधायक ने भेजा नोटिस, गांधी ने लगाए थे ये आरोप

कर्मचारी यूनियन ने भी की निंदा

बोर्ड कर्मचारी यूनियन के अध्यक्ष सुनील शर्मा ने प्रदर्शन को अनुशासनहीनता बताते हुए कहा कि परीक्षा परिणाम में तकनीकी त्रुटियां थीं, लेकिन उसके लिए हिंसक विरोध और जबरन प्रवेश उचित नहीं है। उन्होंने यह भी दावा किया कि सुरक्षा कर्मियों पर हमला हुआ और संगठन का नाम बदनाम करने की कोशिश की गई।

यह भी पढ़ें : हिमाचल में एक्टर सोनू सूद का बिना हेलमेट बाइक वीडियो वायरल, पुलिस ने किया मामला दर्ज

एबीवीपी का पलटवार – बदतमीजी की गई

एबीवीपी के प्रांत सहमंत्री अभिनव चौधरी ने आरोप लगाया कि बोर्ड कर्मियों ने कार्यकर्ताओं के साथ गेट पर बदसलूकी की, जबकि पहले ही सूचना दी जा चुकी थी कि ज्ञापन सौंपने आएंगे। जब बोर्ड स्टाफ ने गेट खोलने से मना किया, तो मजबूरी में उसे खोला गया।

पेज पर वापस जाने के लिए यहां क्लिक करें