शिमला। हिमाचल प्रदेश में 1500 रुपए प्रति महीना मिलने की आस लगाए बैठी महिलाओं को प्रदेश की सुक्खू सरकार ने बड़ा बड़ा झटका दिया है। इंदिरा गांधी प्यारी बहना सुख.सम्मान निधि योजनाश् के तहत आवेदन करने वाली 93 फीसदी महिलाओं के फॉर्म सुक्खू सरकार ने ख़ारिज कर दिए हैं। विधानसभा में पेश किए गए सरकारी आंकड़ों के मुताबिक़ 8 लाख से ज़्यादा आवेदनों में से केवल 7 फीसदी महिलाओं को ही इस योजना का लाभ मिल पाएगा।
हर महिला को 1500 रुपए देने का किया था वादा
दरअसल हिमाचल प्रदेश कांग्रेस ने 2022 के चुनाव से पहले प्रदेश की 18 से 59 साल की सभी महिलाओं को हर महीने 1500 1500 रुपए देने का वादा किया था। जिसके बाद हिमाचल में कांग्रेस की सरकार बनी और सुखविंदर सिंह सुक्खू मुख्यमंत्री के पद पर आसीन हुए। सरकार बनने के बाद सीएम सुक्खू ने अपनी गारंटी के अनुसार प्रदेश की महिलाओं से 1500 रुपए के लिए आवेदन मांगे थे। प्रदेश की लाखों महिलाआंे ने आवेदन किया भी था। लेकिन बाद में सुक्खू सरकार इस योजना में शर्तें जोड़ती गई और यह योजना तीन साल तक कागजों में ही अटकी रह गई।
यह भी पढ़ें : स्पीकर कुलदीप पठानिया की अचानक बिगड़ी तबीयत, IGMC में करवाया भर्ती; CM सुक्खू-जयराम मिलने पहुंचे
8.25 लाख आवेदनों में सिर्फ 51 हजार पास
पांवटा साहिब से भाजपा विधायक सुखराम चौधरी के सवाल के लिखित जवाब में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कर्नल धनी राम शांडिल ने यह जानकारी सदन में रखी। पिछले तीन वर्षों में सरकार को कुल 8,25,446 आवेदन मिले थे:
- मंजूर आवेदन: सिर्फ 51,853 (महज 7%)
- रिजेक्ट आवेदन: 7,69,185 (करीब 93%)
- लंबित आवेदन: 4,408
आखिर क्यों रिजेक्ट हुए लाखों महिलाओं के फॉर्म?
सरकार ने स्पष्ट किया है कि बड़ी संख्या में आवेदन खारिज होने के पीछे पारिवारिक आय की सीमा से जुड़ा नियम है। योजना की शर्तों के मुताबिक केवल उन्हीं महिलाओं को पात्र माना गया है जिनके परिवार की सालाना आय 2 लाख रुपये या उससे कम है। जांच के दौरान 2 लाख रुपये से अधिक सालाना आय वाले परिवारों की महिलाओं के आवेदन सीधे निरस्त कर दिए गए। सबसे ज्यादा आवेदन कांगड़ा जिले में रिजेक्ट हुए हैं।
यह भी पढ़ें : बेरोजगारों को झटका! सुक्खू सरकार करेगी शिक्षकों की भर्ती... सिर्फ 5 साल के लिए, उसके बाद नौकरी खत्म
इन जिलों में अभी भी अटके हैं हजारों आवेदन
सरकारी आंकड़ों के अनुसार प्रदेश में 4,408 महिलाओं के आवेदन अभी भी फैसले के इंतजार में लंबित हैं। इनमें सबसे ज्यादा किन्नौर में 2,158, पांगी में 1,192, कांगड़ा में 806, डोडरा क्वार में 215 और काजा में 28 आवेदन पेंडिंग हैं। हालांकि, सरकार का कहना है कि पात्र महिलाओं को चरणबद्ध तरीके से लाभ दिया जाएगा, लेकिन इसकी कोई समय-सीमा तय नहीं की गई है।
3.50 लाख महिलाओं तक सिमटी योजना
पुरानी योजना में लाखों फॉर्म रिजेक्ट होने के बीच अब सुक्खू सरकार ने नया दांव चला है। बीते 13 नवंबर को हुई कैबिनेट बैठक में सरकार ने 'मुख्यमंत्री का अपना परिवार सुखी परिवार योजना' के तहत प्रदेश की साढ़े तीन लाख महिलाओं को 1500-1500 रुपये देने की मंजूरी दी है। इसके साथ ही 300 यूनिट मुफ्त बिजली देने का भी फैसला लिया गया है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : युवती और 3 साथियों के साथ होटल में रूका था 26 वर्षीय उमेश, सुबह कमरे में मिली देह
2027 चुनाव से पहले सरकार के लिए बड़ी अग्निपरीक्षा
2022 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की सबसे बड़ी गारंटी 1500 रुपये प्रति माह थी। अब सरकार के कार्यकाल का आखिरी साल चल रहा है और नवंबर 2027 में फिर से चुनाव होने हैं। ऐसे में देखना दिलचस्प होगा कि नई योजना के जरिए सरकार नाराज चल रही लाखों महिलाओं का भरोसा जीत पाती है या 1500 रुपये का यह अधूरा वादा आगामी चुनाव में बड़ा सियासी मुद्दा बनेगा।
