चंबा। हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में पिछले करीब तीन सप्ताह से लापता चल रहे एक युवक का शव मिलने से क्षेत्र में शोक का माहौल है। परिवार जिस बेटे की वापसी का इंतजार कर रहा था, उसकी तलाश आखिरकार चौहड़ा जलाशय पर जाकर समाप्त हुई।

लापता युवका का मिला शव

शव मिलने की सूचना के बाद पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे तथा आवश्यक कार्रवाई शुरू की गई। मृतक की पहचान कुपाहड़ा पंचायत के ओहली गांव निवासी मनोज कुमार के रूप में हुई है।

यह भी पढ़ें- हिमाचल : हिंदू नेताओं की गिरफ्तारी पर भड़का विवाद, थाने के बाहर लोगों ने किया चक्का जाम

20 दिन से लापता था मनोज

परिवार के अनुसार, मनोज 19 मई को घर से निकला था, लेकिन उसने यह नहीं बताया था कि वह कहां जा रहा है। उसके घर वापस न लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू कर दी थी। कई दिनों तक रिश्तेदारों, परिचितों और संभावित स्थानों पर खोजबीन की गई, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल पाया।

CCTV फुटेज में दिखा युवक

तलाश के दौरान यह जानकारी भी सामने आई थी कि मनोज को चंबा शहर के कुछ स्थानों पर देखा गया था। कुछ CCTV फुटेज में भी उसकी मौजूदगी दर्ज हुई थी। मगर इसके बाद उसका कोई सुराग नहीं मिला। समय बीतने के साथ परिवार की चिंता लगातार बढ़ती रही।

यह भी पढ़ें- मंत्री विक्रमादित्य की फेसबुक पोस्ट से मची खलबली : CM सुक्खू और नीरज भारती को लेकर...

जलाशय में फंसी मिली लाश

रविवार को मामले में उस समय नया मोड़ आया जब चौहड़ा जलाशय के चकलू क्षेत्र के पास एक व्यक्ति ने पानी में एक शव दिखाई देने की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की सहायता से शव को बाहर निकाला गया।

सदमे में पूरा परिवार

पहचान की प्रक्रिया के लिए परिजनों को बुलाया गया, जिन्होंने शव को मनोज कुमार के रूप में पहचान लिया। बेटे के निधन की पुष्टि होते ही परिवार में मातम छा गया। गांव में भी यह खबर फैलते ही लोग शोक व्यक्त करने के लिए परिवार के घर पहुंचने लगे।

यह भी पढ़ें- नशेड़ी बोलने पर भड़के नीरज भारती : बोले, साथ बैठ पीते थे पेग-सिगरेट, सदन में खैनी खाते थे CM

क्या काम करता था मनोज?

मृतक के पिता इंद्र सिंह ने बताया कि मनोज आजीविका के लिए घोड़े चराने का काम करता था। इसके अलावा वह एक चिकन शॉप पर भी काम में सहयोग करता था। परिवार को उम्मीद थी कि वह सुरक्षित लौट आएगा, लेकिन अब उसका शव मिलने से सभी गहरे सदमे में हैं।

जांच में जुटी पुलिस टीम

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज चंबा भेज दिया है। पोस्टमार्टम के बाद पार्थिव शरीर परिजनों को सौंपा जाएगा। वहीं पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका पता लगाने के लिए सभी पहलुओं को खंगाला जा रहा है।

यह भी पढ़ें- सुक्खू सरकार का यू-टर्न : अब सिर्फ CM की कटेगी सैलरी, मंत्रियों-विधायकों को मिलेगा पूरा पैसा

किसी ने मारकर फेंक दिया?

शव बेहद खराब हालत में मिला है। माना जा रहा है कि शव पिछले कई दिनों से पानी में पड़ा हुआ था। जिसके कारण उसकी हालत खराब हो गई है। शुरुआती जांच में हत्या कर शव जलाशय में फेंकने की आशंका है। मगर अभी इस बात की पुष्टि नहीं हुई है। फिलहाल जांच रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, जिसके बाद ही घटना की पूरी तस्वीर साफ हो सकेगी।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें