मंडी। हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले से एक बेहद चिंताजनक खबर सामने आई है। यहां सुंदरनगर की उपतहसील डैहर के भंतरेहड़ क्षेत्र से एक 19 वर्षीय युवती संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई है। बेटी के ऐसे अचानक लापता हो जाने से उसकी मां और परिवार बेहद परेशान है।
19 वर्षीय युवती लापता
बताया जा रहा है कि युवती पिछले तीन दिन से लापता है और उसका कहीं कुछ पता नहीं चल पा रहा है। युवती के परिजन उसकी तलाश में दर-दर भटक रहे हैं। परिजन बेटी के सही-सलामत मिलने की कामना कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें- हिमाचल : ऑन ड्यूटी मौज कर रहे पुलिसवालों पर एक्शन, DGP ने जारी किया सख्त फरमान
दवा लेने निकली थी घर से
मां ने बताया कि बीती 21 जुलाई, मंगलवार को उनकी बेटी घर से दवा लेने के लिए डैहर गई थी। मगर जब देर रात तक भी बेटी घर वापस नहीं लौटी- तो उन्हें चिंता सताने लगी।
नहीं लौटी वापस घर
इसके बाद परिजनों ने अपने स्तर पर उसे हर जगह ढूंढा, लेकिन उसका कहीं कुछ पता नहीं चल पाया। युवती के दोस्तों व रिश्तेदारों को भी उसके बारे में कोई जानकारी नहीं थी।
यह भी पढ़ें- हिमाचल में HIM केयर घोटाला- 2 कमरे में चल रहे थे अस्पताल, 150 करोड़ का हिसाब गड़बड़
मां ने जताया शक
लापता युवती की मां को शक है कि कोई अज्ञात व्यक्ति उनकी बेटी को बहला-फुसला कर अपने साथ ले गया है। मां ने बताया कि वो कभी किसी से बिना बताए कहीं नहीं जाती थी। इसलिए यह घटना उन्हें और ज्यादा असामान्य लग रही है। वहीं, पुलिस ने भी मामले को प्राथमिकता पर लेते हुए जांच शुरू कर दी है।
जांच में जुटी पुलिस
DSP भारत भूषण ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि लापता युवती की खोज के लिए आसपास के इलाकों में सर्च अभियान चलाया जा रहा है और CCTV फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं- ताकि किसी सुराग तक पहुंचा जा सके। इसके अलावा आसपास के पुलिस थानों में भी युवती की तस्वीर भेज दी गई है। उन्होंने युवती के परिवार को आश्वासन दिया है कि जल्द ही युवती को ढूंढ लिया जाएगा।
यह भी पढ़ें- हिमाचल : भारी बारिश में ढहा 150 साल पुराना मकान, चंद मिनटों में मलबा बनी 4 पीढ़ियों की विरासत
युवती को ढूंढने में करें मदद
लापता युवती के परिजनों ने आम लोगों से भी सहयोग की अपील की है। उन्होंने सभी से अनुरोध किया है कि अगर किसी को उनकी बेटी के बारे में कोई जानकारी हो या उन्होंने उसे कहीं देखा हो, तो कृपया थाने से संपर्क करें।
