#विविध
October 17, 2026
अफसरों की लेटलतीफी पर भड़के CM सुक्खू, बोले- काम नहीं करना तो छोड़ो नौकरी, कर दूंगा सस्पेंड
अधिकारियों से बोले- काम करना है तो ढंग से करो
शेयर करें:

कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश के जिला कांगड़ा दौरे पर पहुंचे मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू धर्मशाला के सकोह में काम की धीमी रफ्तार देखकर अफसरों पर नाराज हो गए। 33.78 करोड़ रुपये से बनने वाले इनडोर आइस स्केटिंग और रोलर स्केटिंग रिंक के काम में देरी को लेकर सीएम ने अधिकारियों से जवाब मांगा। काम में लापरवाही देखकर उन्होंने साफ कहा कि काम करना है तो ढंग से करो, नहीं तो नौकरी छोड़ दो। साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि अगर काम इसी तरह धीमा चलता रहा तो अफसरों को सस्पेंड कर दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने सहायक अभियंता, अधिशाषी अभियंता और प्रोजेक्ट डायरेक्टर से काम की धीमी गति को लेकर जवाब मांगा। उन्होंने अधिकारियों को सख्त लहजे में कहा, "काम करना है ढंग से, नहीं करना तो नौकरी छोड़ दो...अगर ऐसी स्पीड से काम करना है तो सस्पेंड कर दूंगा।" इस दौरान अधिकारियों को फटकार लगाते हुए मुख्यमंत्री का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
इस दौरान पर्यटन निगम के अध्यक्ष और नगरोटा बगवां के विधायक आरएस बाली ने भी मुख्यमंत्री के सामने निर्माण कार्य में हो रही देरी का मुद्दा उठाया। उन्होंने अधिकारियों से काम में तेजी लाने की बात कही। मुख्यमंत्री ने भी अधिकारियों को परियोजना को जल्द आगे बढ़ाने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री सुक्खू धर्मशाला के सकोह में 33.78 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इनडोर आइस स्केटिंग रिंक और रोलर स्केटिंग रिंक की आधारशिला रखने पहुंचे थे। मौके पर निर्माण की ड्राइंग समेत कुछ काम पूरे नहीं होने पर मुख्यमंत्री अधिकारियों से नाराज नजर आए।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य में तेजी लाई जाए, लेकिन इसके साथ ही काम की गुणवत्ता का भी पूरा ध्यान रखा जाए। उन्होंने कहा कि परियोजना को तय समय के अंदर पूरा किया जाना चाहिए। सरकार किसी भी सरकारी प्रोजेक्ट में बेवजह की देरी को बर्दाश्त नहीं करेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वह पहले ही साफ कर चुके हैं कि उन्हीं परियोजनाओं का शिलान्यास किया जाएगा, जिनके लिए बजट का प्रावधान हो और जिनका काम आधे तक पहुंच चुका हो। उनका कहना है कि सरकार का मकसद केवल परियोजनाओं की आधारशिला रखना नहीं है, बल्कि उन्हें समय पर पूरा करके लोगों को उनका फायदा देना है।
शुक्रवार को मुख्यमंत्री ने सकोह में 33.78 करोड़ रुपये की लागत वाले इनडोर आइस स्केटिंग रिंक और रोलर स्केटिंग रिंक की आधारशिला रखी। इसके साथ ही उन्होंने 982 लाख रुपये की लागत से तैयार अत्याधुनिक सीवरेज और सेप्टेज प्रबंधन सुविधा का भी लोकार्पण किया। अब अधिकारियों के सामने इस परियोजना को तेजी से आगे बढ़ाने और तय समय में पूरा करने की चुनौती है।