नाहन। हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिला में एक परिवार पर उस समय दुखों का पहाड़ टूट पड़ा, जब उनके जवान बेटे की लाश तालाब में पाई गई। परिवार को उम्मीद थी कि दो दिन पहले घर से निकला बेटा सकुशल वापस लौट आएगा, लेकिन आज सुबह मिली एक सूचना ने ना सिर्फ उनकी उम्मीद को तोड़ दिया, बल्कि एक हंसते खेलते परिवार को मातम में डूबो दिया। मामला सिरमौर जिला के सराहां कस्बे से सामने आया है। यहां एक तालाब में एक युवक का शव बरामद हुआ है। युवक की हत्या हुई है या उसने आत्महत्या की है पुलिस इसकी छानबीन कर रही है।
35 साल के युवक का तालाब में मिला शव
दरअसल दो दिन से लापता बेटे के घर लौटने की उम्मीद में बैठे माता.पिता की सारी उम्मीदें उस समय टूट गईं, जब उनका बेटा कस्बे के ऐतिहासिक तालाब में मृत अवस्था में मिला। युवक का शव मिलने की खबर फैलते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और परिवार में कोहराम मच गया।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में शख्स की बेरहमी से ह*त्या: कु.ल्हाड़ी के वार से अलग कर दी गर्दन; आरोपी फरार
मृतक की पहचान 35 वर्षीय कमल गौतम पुत्र रमेश कुमार निवासी सराहां के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि कमल गुरुवार रात करीब 10 बजे घर से बाहर गया था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। शुरू में परिजनों को लगा कि वह किसी काम से दोस्तों के पास गया होगा, लेकिन जब देर रात तक उसका कोई पता नहीं चला तो परिवार की चिंता बढ़ने लगी।
शुक्रवार सुबह से बंद था मोबाइल
परिजनों ने कई बार उसके मोबाइल पर संपर्क करने की कोशिश की, मगर फोन रिसीव नहीं हुआ। शुक्रवार सुबह तक मोबाइल भी बंद आने लगा। बेटे के अचानक लापता होने से परिवार की बेचैनी बढ़ती चली गई और अनहोनी की आशंका के चलते परिजनों ने पुलिस में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज करवाई।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: पोल पर चढ़े युवक को लगा करंट, सुपरवाइजर ने कहा था बंद है बिजली, परिवार ने खोया बेटा
शिकायत मिलते ही पुलिस ने युवक की तलाश शुरू कर दी। जांच के दौरान आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिसमें कमल को तालाब की ओर जाते हुए देखा गया। इसी बीच तालाब के पास रहने वाले कुछ लोगों ने पुलिस को बताया कि उन्हें तड़के करीब साढ़े चार बजे पानी में किसी भारी चीज के गिरने जैसी आवाज सुनाई दी थी।
कई घंटों की तलाश के बाद मिला शव
इस सूचना के बाद पुलिस ने स्थानीय युवाओं की मदद से तालाब में सर्च अभियान चलाया। घंटों की तलाश के बाद शाम करीब छह बजे युवक का शव तालाब से बरामद किया गया। बताया जा रहा है कि युवक के पैर तालाब की गाद में बुरी तरह फंसे हुए थे, जिसके कारण वह बाहर नहीं निकल पाया। शव मिलने की सूचना जैसे ही परिवार तक पहुंची, घर में मातम पसर गया। जिन माता-पिता की नजरें दो दिन से बेटे के घर लौटने की राह देख रही थीं, उन्हें अब उसी बेटे की लाश देखने को मजबूर होना पड़ा।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : अनियंत्रित होकर हवा में लटकी कार, चालक ने लगाई छलांग- नहीं बच पाया
पुलिस कर रही मामले की आगामी जांच
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि युवक की मौत हादसे के कारण हुई है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्थिति साफ हो पाएगी। इस दर्दनाक घटना के बाद सराहां कस्बे में शोक और सन्नाटा पसरा हुआ हैए जबकि परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।
