धर्मशाला। हिमाचल प्रदेश के खूबसूरत लेकिन चुनौतीपूर्ण ट्रैकिंग रूट एक बार फिर चर्चा में हैं। धर्मशाला के प्रसिद्ध त्रियुंड ट्रैक पर ट्रैकिंग के दौरान एक विदेशी पर्यटक के लापता होने की घटना ने प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों को सतर्क कर दिया है। लापता शख्स की तलाश के लिए टीमें रवाना कर दी गई हैं। लापता व्यक्ति इजरायली नागरिक बताया जा रहा है।
6 जून से लापता, वापस नहीं लौटे
प्राप्त जानकारी के अनुसार लापता व्यक्ति की पहचान इजरायली नागरिक सैमुअल वेंगरिनोविच के रूप में हुई है। जिसकी उम्र 35 से 40 वर्ष के बीच बताई जा रही है। सैमुअल 6 जून को त्रियुंड ट्रैक पर निकला था, लेकिन देर रात तक उनकी कोई खबर नहीं मिली। उनकी साथी पर्यटक एडिबलम, जो धर्मकोट क्षेत्र में ठहरी हुई हैं, ने 10 जून को मैक्लोडगंज पुलिस थाने में उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : ट्रैकिंग पर गए डॉक्टर की बिगड़ी तबीयत, अस्पताल पहुंचने से पहले ही तोड़ दिया दम
हिमाचल घूमने आए थे पांच लोग
बताया जा रहा है कि सैमुअल वेंगरिनोविच चार अन्य लोगों के साथ हिमाचल की यात्रा पर आए थे। सैमुअल ट्रैकिंग पर जाना चाहता था, लेकिन उसके अन्य साथी जब इसके लिए तैयार नहीं हुए, तो वह अकेला ही ट्रैकिंग पर निकल पड़ा। लेकिन उसके बाद उसका कोई पता नहीं चल पाया है।
प्रशासन ने शुरू किया रेस्क्यू अभियान
कांगड़ा जिला प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन तुरंत शुरू किया। पुलिस, एसडीआरएफ और डीडीएमए की टीमें त्रियुंड, इंद्रहार पास, जोत और आसपास के दुर्गम पहाड़ी इलाकों में लगातार तलाश कर रही हैं। हालांकि, अब तक कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लग पाया है। सर्च ऑपरेशन अभी भी जारी है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : खाकी पर लगा दाग, घूसखोर हेड कांस्टेबल गिरफ्तार- FIR से नाम हटाने के लिए मांगे थे हजारों
पर्यटकों के लिए चेतावनी और अपील
हिमाचल प्रदेश देश और विदेश के लाखों पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र है, विशेष रूप से धर्मशाला और त्रियुंड जैसे स्थान एडवेंचर ट्रैकिंग के लिए लोकप्रिय हैं। लेकिन यह खूबसूरती कई बार खतरनाक भी साबित होती है। हर साल ट्रैकिंग के दौरान पर्यटक रास्ता भटक जाते हैं या खराब मौसम में फंस जाते हैं, जिससे जान का खतरा बना रहता है। इस संदर्भ में जिला प्रशासन ने अपील की है कि ट्रैकिंग पर जाने वाले सभी पर्यटक पहले स्थानीय पुलिस को सूचित करें, मौसम और मार्ग की पूरी जानकारी लें, और दिशा.निर्देशों का सख्ती से पालन करें।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : खाकी पर लगा दाग, घूसखोर हेड कांस्टेबल गिरफ्तार- FIR से नाम हटाने के लिए मांगे थे हजारों
इजरायली दूतावास को दी गई जानकारी
कांगड़ा की एसएसपी शालिनी अग्निहोत्री ने बताया कि मामले की जानकारी राज्य सरकार के माध्यम से दिल्ली स्थित इजरायली दूतावास को भी दे दी गई है। प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं और हरसंभव प्रयास किया जा रहा है कि सैमुअल को सुरक्षित खोजा जा सके।
सुंदरता के साथ सतर्कता जरूरी
हिमाचल की वादियां जितनी खूबसूरत हैं, उतनी ही चुनौतीपूर्ण भी। पर्यटकों के लिए यह जरूरी है कि वे केवल मनोरंजन या रोमांच के लिए नहीं, बल्कि जिम्मेदारी और सुरक्षा के साथ यात्रा करें। हर ट्रैक, हर चोटी अपने साथ प्राकृतिक जोखिम लेकर आती है, इसलिए सतर्कता ही सबसे बड़ी सुरक्षा है।
