#हादसा
June 10, 2025
हिमाचल : ट्रैकिंग पर गए डॉक्टर की बिगड़ी तबीयत, अस्पताल पहुंचने से पहले ही तोड़ दिया दम
सुबह ही ट्रैकिंग पर निकला था, कुछ दूरी पर निकल गए प्राण
शेयर करें:
शिमला। हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले से एक दुखद खबर सामने आई है। यहां पर चिड़गांव तहसील स्थित प्रसिद्ध बुरान घाटी ट्रैक पर एक ट्रैकर की मौत हो गई है। हिमाचल पुलिस द्वारा मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दी गई।
बताया जा रहा है कि युवक पेशे से डॉक्टर था। शुरुआती जांच में माना जा रहा है कि युवक की मौत ऑक्सीजन की कमी के कारण हुई है। मगर अभी इस बात की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है।
मृतक की पहचान नितिन नागनाथ अभिवंत (39) के रूप में हुई है- जो कि महाराष्ट्र का रहने वाला था। वह पेशे से डॉक्टर रह चुका था। बीते कल सुबह वो ट्रैकिंग दल के साथ बुरान पास की ओर निकले थे।
घटना उस समय हुई जब ट्रैकिंग दल ने जांगलिख गांव से बुरान पास की ओर ट्रैक की शुरुआत की थी। दल के कुछ ही दूरी आगे बढ़ने पर नितिन की अचानक तबीयत बिगड़ गई। उसे बेहोशी की हालत में नजदीकी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र संदासू लाया गया, जहां मौजूद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मामले की जानकारी मिलते ही DSP रोहड़ू प्रणव चौहान के दिशा-निर्देश पर चिड़गांव पुलिस थाना की टीम मौके पर पहुंची। शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल में लाया गया, जहां कानूनी औपचारिकताओं के बाद शव का पोस्टमार्टम करवाया गया।
शुरुआती पूछताछ में ट्रैकिंग दल के साथियों ने बताया कि नितिन की मौत संभवतः उच्च हिमालयी क्षेत्र में ऑक्सीजन की कमी के कारण हुई है। हालांकि, अंतिम पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही की जाएगी।
डॉ. रोहित धवन ने बताया कि सोमवार सुबह कुछ स्थानीय लोग एक व्यक्ति को गंभीर अवस्था में अस्पताल लेकर आए थे। जांच करने पर पाया गया कि व्यक्ति की मौत पहले ही हो चुकी थी। इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी गई, जिसके बाद शव का पोस्टमार्टम करवाया गया और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की गई। मृतक के शरीर से आवश्यक नमूने फॉरेंसिक जांच के लिए भेजे गए हैं।
पुलिस ने मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है और उन्हें शव सौंपने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। घटना से जहां मृतक के साथियों में शोक की लहर है, वहीं स्थानीय प्रशासन ने पर्यटकों से उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में ट्रैकिंग करते समय विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है।