बिलासपुर। हिमाचल प्रदेश में नशे का काला कारोबार दिन प्रतिदिन फलता-फूलता जा रहा है। जिसमें प्रदेश के नशा तस्कर पड़ोसी राज्यों से नशे की खेप को हिमाचल के युवाओं तक पहुंचा रहे है। ताजा मामला जिला  बिलासपुर से सामने आया है यहां पर पुलिस ने चरस की तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए पति-पत्नी की जोड़ी को गिरफ्तार किया है। 

नाकाबंदी कर वाहनों की हो रही चेकिंग 

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मामला जिला  बिलासपुर के बलोह टोल प्लाजा का है। पुलिस के मुताबिक नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कीरतपुर-नेरचौक फोरलेन पर बलोह टोल प्लाजा के पास नाकाबंदी की गई थी। इस दौरान पुलिस टीम हर आने-जाने वाले वाहन की बारीकी से जांच कर रही थी। तभी मंडी की ओर से आ रही एक स्विफ्ट डिजायर कार को शक के आधार पर रोक लिया गया।

यह भी पढ़ें : हिमाचल में पकड़ी गई विदेशी महिला से मिला फर्जी आधार कार्ड- क्या रचा जा रहा था षड्यंत्र?

4 किलो 53 ग्राम चरस बरामद

पुलिस टीम ने कार में बैठे दंपति को तलाशी लेने के लिए कहा, तो दोनों के चेहरे का रंग उड़ गया। पुलिस ने जब गाड़ी की तलाशी ली तो कार के अंदर रखे एक भूरे रंग के बैग से करीब 4 किलो 53 ग्राम चरस बरामद हुई। इतनी बड़ी मात्रा में चरस मिलने से पुलिस भी हैरान रह गई। जांच में यह भी सामने आया कि यह वाहन पंजाब की तरफ जा रहा था, जिससे आशंका जताई जा रही है कि आरोपी नशे की यह खेप पंजाब में सप्लाई करने की तैयारी में थे।

यह भी पढ़ें : हिमाचल: बर्थडे पार्टी से वापस लौट रहे थे पति-पत्नी, खाई में गिरी कार- 8 वर्षीय मासूम हुआ अनाथ

आरोपियों की पहचान 

पूछताछ के दौरान कार चालक ने अपना नाम टेक सिंह उम्र 32 साल निवासी गांव रोपा, तहसील बंजार, जिला कुल्लू और पत्नी प्रेमलता भी मौजूद थी। पुलिस ने दोनों पति-पत्नी को मौके पर ही हिरासत में ले लिया। पुलिस ने दोनों पति-पत्नी को मौके पर ही हिरासत में ले लिया।

पुलिस कर रही मामले की जांच

इस मामले में पुलिस ने थाना घुमारवीं में दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है और यह जानने की कोशिश की जा रही है कि यह चरस कहां से लाई गई थी और इसे पंजाब में किसे सप्लाई किया जाना था। साथ ही पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि इस तस्करी के पीछे कोई बड़ा नेटवर्क या अन्य लोग तो शामिल नहीं हैं।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें