हमीरपुर। हमीरपुर जिले के भोटा क्षेत्र की उखली पंचायत के एक युवक की यूपी के वृंदावन में यमुना नदी में डूबने से मौत हो गई। 23 वर्षीय युवक अनमोल मोदगिल वृंदावन में आचार्य की पढ़ाई कर रहा था।
पैर फिसला और डूब गया
बताया जाता है कि अनमोल अपने दोस्तों के साथ नहाने के लिए यमुना नदी के चामुंडा घाट पर गया था। नहाते समय अनमोल का पैर अचानक गहरे पानी में चला गया। पानी का बहाव तेज होने के कारण वह तेजी से गहराई में डूब गया। उसके दोस्तों ने उसे डूबता देख शोर मचाया जिससे मौके पर मौजूद अन्य लोग भी तुरंत वहां एकत्रित हो गए। स्थानीय पुलिस और गोताखोरों को तुरंत घटना की सूचना दी गई।
यह भी पढ़ें : बिजली बोर्ड कर्मचारियों को कब मिलेगा OPS, विधानसभा में सुक्खू सरकार ने दी जानकारी
पैतृक गांव में हुआ अंतिम संस्कार
घटना स्थल पर गोताखोरों और बचाव दल ने करीब पांच घंटे तक सर्च अभियान चलाया। काफी प्रयासों के बाद अनमोल का शव गहरे पानी से बरामद हुआ। हादसे की खबर मिलते ही अनमोल के परिजन गहरे सदमे में है। सूचना मिलने के बाद मृतक का बड़ा भाई और चाचा शव को लेने वृंदावन पहुंचे। शव को उनके पैतृक गांव उखली लाया गया, जहां परिजनों और ग्रामीणों की उपस्थिति में अंतिम संस्कार किया गया।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : बाजार गई दो सगी बहनें, तीन दिन से नहीं लौटी घर- तलाश में भटक रहे परिजन
पिता और भाई मजदूर
अनमोल के पिता और भाई दिहाड़ी मजदूरी का काम करते हैं, जबकि उसकी माता गृहिणी हैं। बेटे की असामयिक मृत्यु से पूरा परिवार गहरे दुख में डूबा हुआ है। गांव में इस घटना को लेकर शोक का माहौल है। अनमोल स्वभाव से मिलनसार था व पढ़ाई में रुचि लेने वाला था।
