बिलासपुर। हिमाचल प्रदेश के जिला बिलासपुर में विदेश में नौकरी दिलाने का लालच देकर लाखों की ठगी का मामला उजागर हुआ है। पीड़ितों ने जब सच्चाई जानी तो उनके होश उड़ गए। ठगी का शिकार बने पांच लोगों से कुल 6 लाख 70 हजार रुपए वसूले गए और उसके बाद कथित ट्रैवल एजेंट फरार हो गया।
ट्रैवल एजेंट बनकर मिला शातिर
जानकारी के अनुसार, डियारा सेक्टर निवासी मोहम्मद इलयास ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि रॉबर्ट केनेडी नाम का एक शख्स खुद को ट्रैवल एजेंट बताकर उनसे और उनके चार रिश्तेदारों से मिला।
यह भी पढ़ें : हिमाचल के पड़ोस में भी Gen-Z प्रोटेस्ट: BJP ऑफिस स्वाहा - जानें क्या है मांग
उसने भरोसा दिलाया कि वह सभी को विदेश में अच्छी नौकरी दिला सकता है। एजेंट ने अलग-अलग रकम जमा करवाने की बात कही और सभी ने उसके बताए बैंक खातों में पैसे डाल दिए।
इनसे लूटे लाखों रूपये
पीड़ितों ने पुलिस को बताया कि मोहम्मद इलयास ने 1.60 लाख, सुहैल खान (कोटला ब्राह्मणा) ने 1.75 लाख, शहनाज (बेपर-डंगार) ने 90 हजार, नजमा (रोड़ा सेक्टर) ने 1.75 लाख और आरिफ हुसैन (भपराल) ने 70 हजार रुपए ट्रांसफर किए।
यह भी पढ़ें : हिमाचल का युवा SDM अंडरग्राउंड! ताइक्वांडो खिलाड़ी के साथ दफ्तर में किया मुंह काला, वीडियो भी बनाई
कुल मिलाकर यह रकम 6.70 लाख तक पहुंच गई। एजेंट ने जिन खातों में रकम जमा करवाने को कहा, वे हर्षल उमेश सेठ और यश सोनकर नाम के लोगों के थे। पैसे जमा करवाने के बाद पीड़ित जब एजेंट से संपर्क करना चाहते थे, तो उसका फोन बंद मिला। धीरे-धीरे उन्हें ठगी का अहसास हुआ और मामला सीधे पुलिस तक पहुंच गया।
लोकेशन की जा रही है ट्रेस
एएसपी बिलासपुर शिव चौधरी ने पुष्टि करते हुए कहा कि, शिकायत के आधार पर आरोपी रॉबर्ट केनेडी के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब उन बैंक खातों की जांच कर रही है जिनमें रकम जमा हुई है और एजेंट की लोकेशन भी ट्रेस की जा रही है। उन्होंने बताया कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार करने की कोशिश तेज कर दी गई है और मामले की गहराई से जांच चल रही है।
