सोलन। हिमाचल समेत पांच राज्यों को चिट्टा सप्लाई करने वाले हरियाणा के कुख्यात तस्कर सोनू को पुलिस ने भिवानी से धरा है। यह गिरफ्तारी 2 अप्रैल को 157 ग्राम चिट्टे के साथ पकड़े गए 2 युवकों से पूछताछ के आधार पर की गई है। दोनों युवकों- प्रदीप और मोहित को सोलन पुलिस ने अरेस्ट किया था। प्रदीप हरियाणा पुलिस में हेड कॉन्स्टेबल है और उसी ने सोनू का सुराग दिया था।
सोनू की कार भी जब्त
सोलन पुलिस ने सोनू को कोर्ट में पेश कर 4 दिन की रिमांड ली है। सोनू के पास से एक टाटा नेक्सन कार भी जब्त की गई है। पुलिस के मुताबिक, सोनू दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ़, पंजाब और हिमाचल में चिट्टे की सप्लाई करता था। इससे पहले पुलिस ने जिन दो आरोपियों को सोलन के दोहरी दीवार क्षेत्र से धरा था, वे भी सोनू से चिट्टा खरीदते थे। इस चिट्टे की खेप को वे हिमाचल प्रदेश में बेचने लाते थे। 2 अप्रैल को भी वे 157 ग्राम चिट्टा बेचने के लिए हिमाचल ही लेकर आए थे।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: राशन लेने गए दो दोस्तों का टूटा याराना, खड्ड में बहे- 48 घंटे से नहीं मिला एक का सुराग
शिमला-नारकंडा में था नेटवर्क
पुलिस की अभी तक की जांच में यही पता चला है कि हरियाणा के चिट्टा तस्कर सोनू का एरिया शिमला जिले का नारकंडा तहसील था। नारकंडा में सोनू का बड़ा नेटवर्क था। 2 अप्रैल को उसने मोहित और प्रदीप को चिट्टा सप्लाई करने भेजा था। दोनों नारकंडा और शिमला में तय संपर्कों को चिट्टा बेचने आए, लेकिन माल का सही सौदा नहीं मिलने के कारण वे सोलन आ गए। पुलिस ने दोनों सोलन में गिरफ्तार कर लिया। सोलन पुलिस का कहना है कि अब सोनू से पूछताछ के दौरान हिमाचल प्रदेश में उसके नेटवर्क को खंगाला जाएगा।
यह भी पढ़ें : रात 1 बजे स्कूटी पर चिट्टा बेचने जा रहा था पंजाब का युवक, पुलिस ने पीछा कर दबोचा
बता दें कि हिमाचल प्रदेश में नशे का खासकर चरस और चिट्टे का कारोबार काफी बढ़ गया है। प्रदेश की युवा पीढ़ी इस नशे के दलदल में धंस कर अपनी जिंदगी को बर्बाद कर रही है। यहां तक कि कई युवाओं की नशे की ओवरडोज से मौत भी हो चुक है। ऐसे में प्रदेश में बढ़ता नशे का प्रचलन हर आम नागरिक के लिए चिंता का विषय बना हुआ है।
