नाहन/यमुनानगर। हरियाणा में नशे के खिलाफ चल रहे अभियान के बीच हिमाचल से नशे की सप्लाई का एक और बड़ा मामला सामने आया है। लाखों रुपये के नशे को थार गाड़ी में भरकर हरियाणा पहुंचा एक युवक एंटी नारकोटिक्स सेल के जाल में फंस गया। यह गिरफ्तारी न सिर्फ नशा तस्करों के बढ़ते हौसलों को उजागर करती है, बल्कि यह भी दिखाती है कि लग्जरी गाड़ियों का इस्तेमाल अब नशे की तस्करी के लिए खुलेआम किया जा रहा है।
थार में भरकर लाया 20 लाख का नशा
यमुनानगर जिला पुलिस की एंटी नारकोटिक्स सेल ने लगातार दूसरे दिन नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब डेढ़ क्विंटल चूरा पोस्त (भुक्की) बरामद की है। इस नशीले पदार्थ की बाजार कीमत करीब 20 लाख रुपये आंकी गई है। आरोपी यह नशा हिमाचल प्रदेश के पांवटा साहिब से हरियाणा में सप्लाई करने के लिए ला रहा था।
यह भी पढ़ें : हिमाचल के ट्रक चालक ने कुचल दिया नसरूद्धीन, घर पर इंतजार कर रहे थे दो मासूम
हिमाचल का युवक गिरफ्तार
पुलिस ने लाल रंग की थार गाड़ी से नशा बरामद करते हुए हिमाचल प्रदेश के पांवटा साहिब निवासी संजय खान पुत्र महमूद अली को गिरफ्तार किया है। आरोपी हथिनी कुंड बैराज के रास्ते यमुनानगर में प्रवेश करने वाला था। गुप्त सूचना के आधार पर एंटी नारकोटिक्स सेल ने पहले से नाकाबंदी कर रखी थी और जैसे ही संदिग्ध थार वहां पहुंची] पुलिस ने उसे रोक लिया।
तलाशी में खुला नशे का राज
डीएसपी रजत गुलिया के अनुसार गाड़ी की तलाशी के दौरान उसमें से एक क्विंटल 46 किलो 230 ग्राम चूरा पोस्त बरामद किया गया। मौके पर ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया और थार गाड़ी को भी कब्जे में ले लिया गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी हरियाणा में नशे की सप्लाई करने के इरादे से आया था।
यह भी पढ़ें : हिमाचल की MBA पास युवती कर रही थी चिट्टा सप्लाई, पंजाब से लाई थी बड़ी खेप; होटल में पकड़ी
पहले से दर्ज हैं नशे के मामले
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि संजय खान के खिलाफ पहले भी हरियाणा के जींद जिले में नशा तस्करी से जुड़ा मामला दर्ज है। इससे यह आशंका और गहरी हो गई है कि आरोपी किसी बड़े नशा तस्करी नेटवर्क से जुड़ा हो सकता है।
नेटवर्क की कड़ियां खंगालने की तैयारी
एंटी नारकोटिक्स सेल अब आरोपी को कोर्ट में पेश कर पुलिस रिमांड पर लेने की तैयारी कर रही है। रिमांड के दौरान यह पता लगाने की कोशिश की जाएगी कि इतनी बड़ी मात्रा में चूरा पोस्त कहां से लाया गया था, इसे किन-किन लोगों तक पहुंचाया जाना था और इस पूरे नेटवर्क में और कौन-कौन शामिल है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : होटल में ग्राहक बन पहुंची पुलिस, लग रही थी जिस्म की बोली- 3 महिलाओं समेत 5 अरेस्ट
नशे के खिलाफ सख्त संदेश
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि चाहे नशा तस्कर किसी भी राज्य से क्यों न हो, कानून से बच नहीं पाएगा। हिमाचल से हरियाणा तक फैल रहे नशे के इस नेटवर्क को जड़ से खत्म करने के लिए अभियान और तेज किया जाएगा।
