जवाली कांगड़ा। कभी शांत, सुरक्षित और अपराध मुक्त राज्य के रूप में पहचान रखने वाला हिमाचल प्रदेश अब लगातार बढ़ते आपराधिक मामलों के कारण चर्चा में है। प्रदेश में आए दिन हत्या, दुष्कर्म, चोरी और हिंसक वारदातों के मामले सामने आ रहे हैं, जिससे कानून-व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। इसी बीच कांगड़ा जिले के जवाली क्षेत्र से एक और सनसनीखेज हत्याकांड सामने आया है, जिसने पूरे इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है।

कार्यस्थल पर मिला खून से लथपथ शव

कांगड़ा जिला के जवाली पुलिस थाना के तहत एक व्यक्ति की बेरहमी से हत्या कर दी गई है। व्यक्ति की तेजधार हथियार से गला काटा गया है। यह घटना ग्राम पंचायत बेही पठियार के गांव मंडोल के वार्ड नंबर.5 की है। यहां 45 वर्षीय सुभाष चंद्र पुत्र दालती राम की निर्मम हत्या कर दी गई।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल में सरकारी कॉलेज का कारनामा : स्टूडेंट्स के 6 महीने किए बर्बाद, पढ़ाई गलत चीजें

 

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतक लोहार का कार्य करता था और जिस स्थान पर वह रोजाना अपने काम में व्यस्त रहता था, उसी कार्यस्थल पर किसी अज्ञात हमलावर ने तेजधार हथियार से उसका गला काटकर मौत के घाट उतार दिया। घटना का खुलासा होने के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। स्थानीय लोग भी इस वारदात से स्तब्ध हैं, क्योंकि हत्या को किसने और क्यों अंजाम दिया, इसका फिलहाल कोई स्पष्ट सुराग पुलिस के हाथ नहीं लगा है।

पुलिस के लिए बना ब्लाइंड मर्डर केस

यह हत्याकांड पुलिस के लिए एक ब्लाइंड मर्डर साबित हो रहा है। घटना को किसी ने अपनी आंखों से नहीं देखा और न ही मौके पर ऐसा कोई प्रत्यक्षदर्शी मिला है, जो जांच को दिशा दे सके। सबसे बड़ी बात यह है कि हत्या में इस्तेमाल किया गया तेजधार हथियार भी अभी तक बरामद नहीं हो पाया है। ऐसे में पुलिस के सामने न केवल आरोपी तक पहुंचने की चुनौती है, बल्कि हत्या के पीछे की वजह का पता लगाना भी बेहद कठिन साबित हो रहा है। शुरुआती जांच में पुलिस हर एंगल से मामले की पड़ताल कर रही है।

यह भी पढ़ें : हिमाचल में मिस्त्री की ह.त्या! आखिरी बार खुद किया था घर पर फोन, बताई थी पूरी बात

फोरेंसिक टीम ने जुटाए अहम साक्ष्य

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और क्षेत्र को घेरकर जांच शुरू कर दी। इसके साथ ही फोरेंसिक विशेषज्ञों को भी बुलाया गया, जिन्होंने घटनास्थल से विभिन्न प्रकार के वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए हैं। माना जा रहा है कि यही साक्ष्य इस रहस्यमयी हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने में अहम भूमिका निभा सकते हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद हत्या के तरीके और समय को लेकर भी कई महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आ सकती हैं।

यह भी पढ़ें : डिलीवरी के बाद बिगड़ी महिली की तबीयत, नर्स बोली- ड्रामा कर रही है, हुई मौ.त

पत्नी के बयान पर अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज

पुलिस ने मृतक की पत्नी के बयान के आधार पर अज्ञात हमलावर के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल परिवार के सदस्यों, रिश्तेदारों और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है ताकि किसी संभावित दुश्मनी या अन्य कारण का पता लगाया जा सके।

एएसपी ने क्या कहा

नूरपुर के एएसपी धर्म चंद वर्मा ने बताया कि पुलिस ने मृतक की पत्नी के बयान पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और फोरेंसिक टीम द्वारा जुटाए गए साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि हत्या के कारणों और आरोपी की पहचान को लेकर पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच आगे बढ़ा रही है।

यह भी पढ़ें- कसोल के जंगलों में रेव पार्टियों से हाईकोर्ट नाराज : SP और SDM की कर दी ट्रांसफर

12 दिनों में चौथा हत्या का मामला, बढ़ी चिंता

प्रदेश में लगातार बढ़ रही हत्या की घटनाओं ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। बीते करीब 12 दिनों के भीतर प्रदेश में यह चौथा बड़ा हत्या का मामला सामने आया है। 13 जून को शिमला के संजौली में एक निजी स्कूल संचालिका की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इसके बाद 16 जून को रोहड़ू क्षेत्र में एक बुजुर्ग महिला की घर में घुसकर हत्या कर दी गई। वहीं 22 जून को मंडी जिले के सुंदरनगर में एक युवक ने अपनी ही मां की हत्या कर दी थी। अब कांगड़ा के जवाली में सामने आया यह रहस्यमयी हत्याकांड प्रदेश में बढ़ते अपराधों को लेकर नई बहस छेड़ रहा है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें।