#अपराध
September 23, 2026
क्या हिमाचल में जासूसी कर रहा था हमजा? पाकिस्तान से कनेक्शन...दर्जी की दुकान से उठाया
पिछले तीन साल से हिमाचल में रह रहा था हमजा
शेयर करें:

हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर में सोशल मीडिया पर कथित देश विरोधी सामग्री से जुड़े मामले में गिरफ्तार सहारनपुर निवासी मोहम्मद हमजा को लेकर जांच का दायरा बढ़ता जा रहा है। खुफिया एजेंसियों को हमजा के ऐसे इंस्टाग्राम समूहों से जुड़े होने की जानकारी मिली है- जहां कट्टरपंथी विचारधारा से जुड़ी सामग्री साझा किए जाने का आरोप है।
एजेंसियां अब उसके सोशल मीडिया संपर्कों और संभावित विदेशी कनेक्शन की भी जांच कर रही हैं। हमजा करीब तीन साल पहले हमीरपुर आया था। यहां शहर की प्रताप गली में बिजनौर निवासी दिनेश की टेलरिंग की दुकान पर उसने काम सीखना शुरू किया था।
दुकान संचालक के अनुसार हमजा का व्यवहार सामान्य था और उसकी किसी गतिविधि को लेकर उन्हें पहले कोई शक नहीं हुआ। पुलिस ने सोमवार शाम करीब छह बजे इसी दुकान से उसे हिरासत में लिया था।
जांच एजेंसियों के इनपुट के अनुसार हमजा का नाम यूनाइट उम्माह नाम के इंस्टाग्राम समूह से जुड़े अकाउंट्स की जांच में सामने आया है। इन अकाउंट्स पर युवाओं को कट्टरपंथ की ओर आकर्षित करने और प्रभावित करने की आशंका की जांच की जा रही है।
जांच में कुछ सोशल मीडिया अकाउंट्स से आतंकी ओसामा बिन लादेन की विचारधारा से प्रभावित सामग्री साझा किए जाने की बात भी सामने आई है। साथ ही भारतीय सेना और जांच एजेंसियों से संबंधित आपत्तिजनक सामग्री की भी जांच की जा रही है। हालांकि, इन गतिविधियों में हमजा की वास्तविक भूमिका क्या थी, यह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
मामले की जांच में कर्नाटक के दो सोशल मीडिया यूजर्स के हमीरपुर में रह रहे हमजा के संपर्क में होने की जानकारी भी सामने आई है। एजेंसियां अब इन संपर्कों के बारे में जानकारी जुटा रही हैं और यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि सोशल मीडिया के जरिए इन लोगों के बीच किस तरह की बातचीत और गतिविधियां होती थीं।
जांच का दायरा सिर्फ एक इंस्टाग्राम ग्रुप तक सीमित नहीं है। यूनाइट उम्माह के अलावा मुजाहिद ए इस्लाम और वन उम्माह नाम के कुछ अन्य सोशल मीडिया समूहों से जुड़े अकाउंट्स की गतिविधियां भी जांच के दायरे में बताई जा रही हैं।
जांच एजेंसियां हमजा के संभावित पाकिस्तानी संपर्कों को लेकर भी जानकारी जुटा रही हैं। सामने आए इनपुट में कुछ ऐसे सोशल मीडिया समूहों में पाकिस्तानी नागरिक के सदस्य होने की बात कही गई है।
अब एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि हमजा का इन लोगों या अकाउंट्स से कोई सीधा संपर्क था या नहीं। इसके साथ ही किसी विदेशी नेटवर्क, जासूसी गतिविधि या अन्य गैरकानूनी गतिविधि से संबंध की संभावनाओं की भी जांच की जा रही है। फिलहाल ये सभी पहलू जांच का हिस्सा हैं और इनके संबंध में अंतिम निष्कर्ष सामने नहीं आया है।
हमजा मूल रूप से सहारनपुर का रहने वाला बताया जा रहा है और करीब तीन साल पहले हमीरपुर आया था। इतने लंबे समय तक स्थानीय स्तर पर सामान्य तरीके से रहने के कारण उसके आसपास के लोगों को उसकी कथित ऑनलाइन गतिविधियों की जानकारी नहीं थी।
केंद्रीय जांच एजेंसी से मिले इनपुट के बाद पुलिस ने कार्रवाई की और सोशल मीडिया पर कथित आपत्तिजनक गतिविधियों को लेकर मामला दर्ज किया। अब पुलिस और जांच एजेंसियां उसके मोबाइल, सोशल मीडिया अकाउंट्स, संपर्कों और ऑनलाइन गतिविधियों से जुड़े पहलुओं की पड़ताल कर रही हैं।