#अपराध
September 24, 2026
हिमाचल: कार में ढेर सारे कैश के साथ मिला चिट्टा और चरस; 4 युवक हुए गिरफ्तार
पुलिस ने आरोपियों की दोनों कारों को भी सीज कर दिया है
शेयर करें:

कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश में मादक पदार्थों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी अभियान के तहत कांगड़ा जिले में पुलिस टीम ने नाकाबंदी के दौरान भारी मात्रा में नकदी के साथ चिट्टा और चरस बरामद की है।
मामले में चार युवकों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने ये कार्रवाई दो अलग-अलग मामलों में की है। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद नशा तस्करों में हड़कंप मचा हुआ है।
जानकारी के अनुसार, पहली कार्रवाई पुलिस थाना हरिपुर के तहत आने वाली रानीताल पुलिस चौकी की टीम ने की है। पुलिस टीम इलाके में गश्त कर रही थी। इसी दौरान रसूह चौक के पास वाहनों की जांच के लिए नाकाबंदी की गई थी। इसी दौरान लंज की ओर से देहरा की तरफ जा रही एक ऑल्टो कार को पुलिस ने रुकने का इशारा किया।
पुलिस के अनुसार कार को जांच के लिए रोकने के बाद उसमें बैठे लोग कुछ घबराए हुए नजर आए। इसके बाद पुलिस टीम ने संदेह के आधार पर वाहन की तलाशी ली। तलाशी के दौरान कार से 61.440 ग्राम चरस बरामद हुई।
पुलिस ने कार में मौजूद दोनों व्यक्तियों की तलाशी भी ली। इस दौरान उनके पास से 67,200 रुपये नकद बरामद होने की बात कही गई है। पुलिस अब इस रकम के स्रोत और इसके संभावित संबंध की भी जांच कर रही है। मौके पर बरामद चरस और नकदी को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया। इसके साथ ही जिस कार में दोनों आरोपी यात्रा कर रहे थे, उसे भी जब्त कर लिया गया है।
पुलिस टीम द्वारा गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपी देहरा क्षेत्र के घयोरी गांव के निवासी बताए गए हैं। आरोपियों की पहचान-
वहीं, दूसरे मामले में बीते कल पुलिस ने सुधेड़ खास, चंबी–धर्मशाला मार्ग पर थाना धर्मशाला के क्षेत्र में नाकाबंदी के दौरान पुलिस ने ऑल्टो कार नंबर HP-54C-8690 से नशा बरामद किया है। मामले में पुलिस टीम ने दो आरोपियों को 5.92 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस टीम ने आरोपियों की कार को भी सीज कर दिया है।

दोनों मामलों में पुलिस टीम ने मादक पदार्थ अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत FIR दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने धारा 20, 29 और 61-85 के तहत कार्रवाई की है। अब जांच के दौरान बरामद पदार्थ के स्रोत और उससे जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी ने चिट्टा, चरस और नकदी को कब्जे में लिया गया है और आरोपियों की कारों को भी सीज कर दिया गया है। फिलहाल, सभी आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी कथित तौर पर नशीले पदार्थ की खेप कहां से लेकर आए थे और इसे किस स्थान पर पहुंचाया जाना था। साथ ही पुलिस इस मामले से जुड़े संभावित नेटवर्क की कड़ियों को भी जांच रही है।