चंबा। ऑनलाइन गेमिंग की लत और बढ़ते कर्ज ने एक 22 वर्षीय युवक को ऐसा कदम उठाने पर मजबूर कर दिया। इसने न केवल उसके परिवार बल्कि पुलिस को भी कई दिनों तक उलझाए रखा।

22 वर्षीय युवक ने उठाया ऐसा कदम....

हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले की डांड पंचायत का यह मामला पहले गुमशुदगी, फिर संभावित हादसे और बाद में हत्या की आशंका तक पहुंच गया। मगर पुलिस जांच में सामने आए तथ्यों ने पूरे घटनाक्रम को नया मोड़ दे दिया।

यह भी पढ़ें : हिमाचल : अब दिसंबर में होंगे फाइनल EXAM, रिजल्ट खराब आया तो शिक्षकों पर गिरेगी गाज

कर्ज से बचने के लिए रची गुमशुदगी की साजिश

जानकारी के अनुसार डांड पंचायत निवासी 22 वर्षीय तौफीक पर ऑनलाइन गेमिंग के चलते लाखों रुपये का कर्ज हो गया था। कर्ज के दबाव से बचने के लिए उसने अपनी ही गुमशुदगी की साजिश रच डाली। इस पूरे घटनाक्रम में उसके बड़े भाई शहजाद ने भी उसका साथ दिया।

हत्या की आशंका से मचा था हड़कंप

परिजनों की ओर से पुलिस को दी गई जानकारी में बताया गया था कि तौफीक पोल्ट्री कारोबार से जुड़ा हुआ है और मुर्गों की खरीदारी के लिए करीब 10 लाख रुपये लेकर पठानकोट जा रहा था। बताया गया कि शुक्रवार रात के बाद उसका मोबाइल फोन बंद हो गया और उसका कोई पता नहीं चल सका।

यह भी पढ़ें- हिमाचल के सरकारी विभागों में खुली बंपर भर्तियां : भरें जाएंगे 300 पद, जानें कितनी मिलेगी सैलरी

चमेरा के पास मिली चप्पल

इसके बाद युवक की तलाश शुरू की गई। मोबाइल लोकेशन चौहड़ा जलाशय के आसपास मिलने से मामला और गंभीर हो गया। इसी बीच चमेरा जलाशय के पास सड़क किनारे युवक की एक चप्पल और वाहन का टायर मिलने से हत्या की आशंका जताई गई। परिजनों ने दावा किया कि किसी ने युवक की हत्या कर वाहन को जलाशय में गिरा दिया होगा।

CCTV फुटेज ने बदल दी पूरी कहानी

मामले की जांच के दौरान पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच में सामने आया कि तौफीक जिले से बाहर जाने वाली बस में सवार होकर स्वयं रवाना हुआ था। फुटेज में उसके बड़े भाई की मौजूदगी भी सामने आई, जिसके बाद पूरे मामले से पर्दा उठने लगा।

यह भी पढ़ें- हिमाचल : जिला परिषद अध्यक्ष की कुर्सी पर BJP की नजर, किंगमेकर बने निर्दलीय- पलट सकते हैं गेम

भाई ने बैठाया था बस में

पुलिस के अनुसार युवक को उसके बड़े भाई ने बस में बैठाया था और इसके बावजूद वह पूरे घटनाक्रम से अनजान बनने का प्रयास करता रहा। CCTV फुटेज सामने आने के बाद गुमशुदगी और हत्या की आशंकाओं की कहानी पूरी तरह बदल गई।

पुलिस कर रही गहन पूछताछ

बुधवार को परिजन युवक को लेकर पुलिस चौकी बनीखेत पहुंचे, जहां पुलिस उससे गहन पूछताछ कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले के हर पहलू की बारीकी से जांच की जा रही है ।

यह भी पढ़ें- हिमाचल में चोरी छिपे चिट्टे का इंजेक्शन ले रहे थे युवक-युवती, गांववालों ने बनाया वीडियो- मचा बवाल

कौन-कौन शामिल था?

यह पता लगाया जा रहा है कि साजिश के पीछे क्या उद्देश्य था तथा इसमें और कौन-कौन शामिल था। पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी ने बताया कि युवक मिल चुका है और पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रही है। जांच के बाद ही आगे की कानूनी कार्रवाई तय की जाएगी।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें