चंबा। हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले से एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। यहां यात्रियों से भरी एक टाटा सूमो के अचानक ब्रेक फेल हो गए, जिससे वाहन तेज ढलान पर बेकाबू हो गया। जैसे ही ब्रेक फेल होने का पता चला, गाड़ी में बैठे यात्रियों में हड़कंप मच गया और चीख-पुकार शुरू हो गई। कुछ ही पल में बड़ा हादसा हो सकता था, लेकिन चालक ने घबराने के बजाय साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए वाहन को सड़क किनारे मौजूद एक विशाल पत्थर से टकरा दिया। चालक के इस फैसले ने गाड़ी को सैकड़ों फीट गहरी खाई में गिरने से बचा लिया और कई लोगों की जान बच गई।

ढलान पर अचानक जवाब दे गए ब्रेक

जानकारी के अनुसार चंबा जिले के चुराह उपमंडल में तीसा-जुनास मार्ग पर सोमवार देर शाम एक टैक्सी टाटा सूमो यात्रियों को लेकर तीसा से जुनास की ओर जा रही थी। जब वाहन चांजली के समीप तीखी ढलान पर पहुंचा तो अचानक उसके ब्रेक ने काम करना बंद कर दिया। कुछ ही क्षणों में वाहन चालक के नियंत्रण से बाहर हो गया।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल के वीर सपूत सुनील को मिली बड़ी जिम्मेदारी, भारतीय तटरक्षक बल में बने उप महानिदेशक

चालक की सूझबूझ बनी यात्रियों की ढाल

स्थिति की गंभीरता को समझते हुए चालक ने गाड़ी को किसी भी तरह नियंत्रित करने की कोशिश की, लेकिन जब उसे महसूस हुआ कि वाहन पूरी तरह बेकाबू हो चुका है, तो उसने बड़ा फैसला लिया। उसने वाहन को सड़क किनारे मौजूद एक बड़े पत्थर की ओर मोड़ दिया। जोरदार टक्कर के बाद गाड़ी वहीं रुक गई और एक भीषण दुर्घटना टल गई। यदि वाहन आगे बढ़ जाता तो उसके गहरी खाई में गिरने की आशंका थी।

हादसे में छह लोग घायल

इस दुर्घटना में चालक सहित कुल छह लोग घायल हुए हैं। घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत नागरिक अस्पताल तीसा पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत को देखते हुए उन्हें पंडित जवाहर लाल नेहरू राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल चंबा रेफर कर दिया।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल : रातभर परिवार करता रहा इंतजार, सुबह खाई में मिली कार; अंदर पड़ी थी पटवारी की देह

एक घायल टांडा भेजा

हादसे में घायल मान सिंह के चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं। चिकित्सकों ने उनकी नाजुक स्थिति को देखते हुए उन्हें चंबा से आगे डॉ. राजेंद्र प्रसाद राजकीय मेडिकल कॉलेज, टांडा रेफर कर दिया, जबकि अन्य घायलों का उपचार जारी है।

यह भी पढ़ें- हिमाचल पुलिस के ईमानदार सिपाही- अपराधियों पर कसते रहे शिकंजा, महकमे ने अवॉर्ड से नवाजा

स्थानीय लोगों ने तुरंत शुरू किया राहत कार्य

घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और बिना समय गंवाए राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को सुरक्षित वाहन से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया।

यह भी पढ़ें- हिमाचल हाईकोर्ट का बड़ा फैसला : बुढ़ापे में सेवा नहीं की तो लौटानी पड़ेगी जमीन...

पुलिस ने शुरू की जांच

चुराह के एसडीएम राजेश जरयाल ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि हादसे में छह लोग घायल हुए हैं। प्रशासन ने तत्काल राहत कार्य सुनिश्चित किया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और यह जांच की जा रही है कि वाहन के ब्रेक किस कारण फेल हुए तथा दुर्घटना के पीछे कोई अन्य तकनीकी खामी तो नहीं थी।

बाल-बाल बचीं कई जिंदगियां

यह घटना एक बार फिर पहाड़ी क्षेत्रों में वाहन चलाते समय सतर्कता और नियमित तकनीकी जांच की आवश्यकता को उजागर करती है। चालक की त्वरित सूझबूझ और साहसिक निर्णय ने एक संभावित बड़े हादसे को टाल दिया, जिसके चलते छह यात्रियों की जान बच सकी।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें