सोलन/मनाली। हिमाचल प्रदेश में गर्मी का मौसम शुरू होते ही आगजनी की घटनाओं में तेजी आने लगी है। ऐसे ही खौफनाक मंजर हिमाचल के सोलन जिला और पर्यटन नगरी मनाली में देखने को मिले। सोलन जिला में जंगल की आग एक सरकारी स्कूल तक पहुंच गई। जिसके चलते आग से उठते धुएं से दो छात्र बेहोश हो गए। जिससे स्कूल में अफरा तफरी मच गई।
जंगल की आग से उठे धुएं से दो छात्र हुए बेहोश
पूरे इलाके में छाया घना धुआं
दरअसल सोलन जिला के कंडाघाट उपमंडल के साधुपुल क्षेत्र में अचानक जंगल में आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और तेज हवाओं के साथ फैलते हुए यह आग पास स्थित कहलोग स्कूल के करीब पहुंच गई। जंगल से उठ रहे घने धुएं ने कुछ ही देर में पूरे इलाके को अपनी चपेट में ले लिया। धुएं के कारण स्कूल में पढ़ रहे दो छात्र बेहोश हो गए, जिससे स्कूल प्रशासन और बच्चों के बीच अफरा.तफरी मच गई।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : ढाबे में खाना खाते वक्त शख्स के गले में फंसी हड्डी, बिगड़ी हालत- चंद मिनटों में हुई मौ.त
स्कूल से निकाल पर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाए छात्र
स्थिति को गंभीर होते देख स्कूल प्रशासन ने तुरंत सतर्कता बरतते हुए सभी बच्चों को कक्षाओं से बाहर निकालकर स्कूल मैदान में सुरक्षित स्थान पर एकत्रित कर दिया। वहीं बेहोश हुए दोनों छात्रों को तुरंत प्राथमिक उपचार दिया गया, जिसके बाद उनकी हालत सामान्य हो गई। आग की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई और कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। समय रहते आग को नियंत्रित कर लिया गया, जिससे किसी बड़े हादसे को टाल दिया गया।
यह भी पढ़ें : दोस्तों संग हिमाचल घूमने आया था युवक- वॉटरफॉल के पास अचानक गिरा, घर लौटी देह
काष्ठकुणी शैली के घर में लगी आग
उधर, कुल्लू जिले के मनाली क्षेत्र से भी आगजनी की एक घटना सामने आई है। मनाली के करजां गांव में देर रात एक काष्ठकुणी शैली का पारंपरिक मकान अचानक आग की लपटों में घिर गया। देवदार की लकड़ी और पत्थरों से बने इस घर की ऊपरी मंजिल में आग लगते ही पूरे गांव में हड़कंप मच गया।
देर रात ऊपरी मंजिल से उठने लगी आग की लपटें
बताया जा रहा है कि देर रात जब ग्रामीण अपने घरों में आराम की तैयारी कर रहे थे, तभी निहाल चंद के घर की ऊपरी मंजिल से अचानक ऊंची लपटें उठती दिखाई दीं। देखते ही देखते आग ने पूरे हिस्से को अपनी चपेट में लेना शुरू कर दिया। सूचना मिलते ही मनाली और पतलीकूहल से दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर रवाना हुईं।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में बढ़ता तापमान बना परेशानी, कल होगी बारिश-बर्फबारी; जानें मौसम अपडेट
मकान मालिक को छह लाख का नुकसान
संकरी गलियां और पहाड़ी इलाका होने के बावजूद ग्रामीणों ने एकजुट होकर आग बुझाने में दमकल विभाग की मदद की। कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया, हालांकि इस घटना में मकान का ऊपरी हिस्सा काफी हद तक क्षतिग्रस्त हो गया। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक मकान मालिक निहाल चंद को करीब छह लाख रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल जेल में बंद था नशेड़ी पति, चिट्टा लेकर पहुंची पत्नी- चैकिंग के दौरान पकड़ी गई
हालांकि राहत की बात यह रही कि समय रहते आग को फैलने से रोक लिया गया, जिससे आसपास के घरों और करीब 50 लाख रुपये की संपत्ति को सुरक्षित बचा लिया गया। इस घटना में किसी भी तरह की जनहानि नहीं हुई है। मनाली अग्निशमन केंद्र के प्रभारी सरनपत ने बताया कि टीम ने सूचना मिलते ही तुरंत मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाने का अभियान शुरू कर दिया था। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है और विभाग इसकी जांच कर रहा है।
