सिरमौर। हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में सड़क किनारे बैठी एक महिला की जान चली गई। हादसा उस समय हुआ, जब सोलन से कैदी की पेशी करवाकर लौट रही पुलिस की निजी गाड़ी निहोग के पास अनियंत्रित हो गई और महिला को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि महिला की मौके पर ही मौत हो गई।
सड़क किनारे बैठी महिला को मारी टक्कर
जानकारी के अनुसार यह हादसा नाहन-कुमारहट्टी राष्ट्रीय राजमार्ग-907A पर निहोग के पास हुआ। बताया जा रहा है कि महिला सड़क किनारे बैठी हुई थी, तभी वहां से गुजर रही तेज रफ्तार पुलिस की निजी गाड़ी ने उसे टक्कर मार दी।
यह भी पढ़ें : सावधान हिमाचल! अगले 3 दिन अपना रौद्र रूप दिखाएगी भारी बारिश, ऑरेंज अलर्ट जारी
टक्कर इतनी तेज थी कि महिला गंभीर रूप से घायल हो गई और वाहन भी अपना संतुलन खो बैठा। अनियंत्रित गाड़ी सड़क किनारे बने पैराफिट से जा टकराई। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और स्थानीय लोगों ने बिना समय गंवाए घायल महिला को अस्पताल पहुंचाने में मदद की।
इलाज के दौरान महिला ने तोड़ा दम
गंभीर हालत में महिला को तुरंत डॉ. वाई.एस. परमार मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, नाहन ले जाया गया। डॉक्टरों ने महिला को बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन उसकी चोटें इतनी गंभीर थीं कि इलाज शुरू होने से पहले ही उसने दम तोड़ दिया। महिला की मौत की खबर मिलते ही पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में हा.दसा: कार सवार 2 पुलिस कर्मियों ने पैराफिट पर बैठी सास-बहू को कु.चला; एक की मौ*त
45 वर्षीय बाला देवी के रूप में हुई पहचान
पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान 45 वर्षीय बाला देवी, पत्नी यशपाल, निवासी गांव निहोग, तहसील नाहन के रूप में हुई है। जैसे ही हादसे की सूचना गांव पहुंची, परिजन और स्थानीय लोग बड़ी संख्या में अस्पताल पहुंच गए। महिला की अचानक हुई मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और गांव में भी मातम का माहौल है।
सोलन से पेशी के बाद लौट रही थी पुलिस टीम
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दो पुलिस जवान एक कैदी को सोलन में अदालत में पेशी करवाने के बाद निजी गाड़ी से वापस सेंट्रल जेल नाहन लेकर लौट रहे थे। जब उनकी गाड़ी निहोग के पास पहुंची तो यह हादसा हो गया। हादसे के बाद सबसे पहले कैदी को सुरक्षित सेंट्रल जेल नाहन पहुंचाया गया। वहीं दोनों पुलिस जवानों का मेडिकल परीक्षण भी कराया गया है ताकि हादसे से जुड़े सभी तथ्यों की जांच की जा सके।
यह भी पढ़ें : सावधान हिमाचल ! अगले पांच दिन भारी से भी भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट, मौसम दिखाएगा रौद्र रूप
अस्पताल में जुटी भीड़, परिजनों ने जताया गुस्सा
हादसे की खबर मिलते ही मृतका के परिजन और गांव के कई लोग डॉ. वाई.एस. परमार मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल पहुंच गए। महिला की मौत से गुस्साए लोगों ने कुछ समय तक अस्पताल परिसर में नाराजगी जताई और हादसे की निष्पक्ष जांच की मांग की। हालांकि बाद में पुलिस अधिकारियों ने लोगों को समझाया और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच का भरोसा दिया, जिसके बाद माहौल शांत हुआ।
ASP खुद पहुंचे अस्पताल, दिया निष्पक्ष जांच का भरोसा
घटना की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) योगेश रोल्टा भी अस्पताल पहुंचे। उन्होंने मृतका के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और भरोसा दिलाया कि मामले की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच की जाएगी। उन्होंने कहा कि किसी भी तरह की लापरवाही सामने आने पर कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी और किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।
यह भी पढ़ें : हिमाचल के आसमान में दिखी रहस्यमयी रोशनी, कुछ सेकंड की चमक ने बढ़ाई लोगों की धड़कनें; जानें क्या था
पुलिस ने दर्ज किया मामला, हर पहलू की होगी जांच
पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे की असली वजह जानने के लिए घटनास्थल का निरीक्षण किया गया है। इसके अलावा प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और मेडिकल रिपोर्ट सहित अन्य साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं। पुलिस ने गाड़ी चला रहे पुलिस कर्मी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
