मंडी। हिमाचल प्रदेश में सड़क हादसे थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। आए दिन किसी न किसी जिले से सड़क दुर्घटना की खबर सामने आ रही है। ताजा मामला मंडी जिले के कांगनीधार क्षेत्र का है, जहां देर शाम एक कार अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे जा गिरी। हादसे में कार में सवार पांच युवक घायल हो गए। स्थानीय लोगों और 108 एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को तुरंत जोनल अस्पताल मंडी पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
कार्यक्रम से लौटते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, सभी युवक किसी कार्यक्रम में शामिल होने के बाद वापस लौट रहे थे। इसी दौरान कांगनीधार क्षेत्र में चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिससे कार सड़क से नीचे जा गिरी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और घायलों को वाहन से बाहर निकालकर एंबुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाया।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में 3 दिन भारी बारिश के आसार: ऊंची चोटियों पर ताजा स्नोफॉल, ऑरेंज अलर्ट जारी
पांच युवक हुए घायल
घायलों की पहचान उदय शर्मा (21) निवासी पिंगला, सरकाघाट, आयुष शर्मा (24) निवासी नेरचौक, बल्ह, भंकर (19) निवासी खणी, कमांद, सुजल शर्मा (19) निवासी लोअर समखेतर, मंडी और राकेश कुमार (24) निवासी खणी, कमांद के रूप में हुई है। सभी का जोनल अस्पताल मंडी में इलाज चल रहा है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: सेना के अधिकारी ने 93 हजार में बेच दिया इमान, CBI ने रिश्वत लेते रंगे हाथ दबोचा
हादसे के कारणों की जांच शुरू
पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। जोनल अस्पताल मंडी को सभी घायलों का मेडिको-लीगल परीक्षण (एमएलसी) कराने और आवश्यकता पड़ने पर ब्लड सैंपल लेकर रिपोर्ट पुलिस को सौंपने के निर्देश दिए गए हैं। मंडी के पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि मेडिकल रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगामी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
