ऊना। हिमाचल प्रदेश में इन दिनों बरसात का मौसम चल रहा है। एक तरफ जहां भारी बारिश कहर बरपा रही है। वहीं, दूसरी तरफ सांप व बिच्छू के काटने का खतरा भी बढ़ गया है। इस सीजन में अब तक कई लोगों की सांप के काटने से मौत हो गई है। ताजा मामला जिला ऊना से सामने आया है, जहां एक व्यक्ति को सांप ने काट लिया।
रात में किसी जीव के काटने का एहसास, सुबह बिगड़ी तबीयत
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मामला जिला ऊना के बंगाणा से सामने आया है। यहां पर पंचायत के उपप्रधान राज कुमार राणा ने बताया कि रविवार देर रात करीब 1:30 बजे रविंदर कुमार को अचानक किसी जीव-जंतु के काटने का एहसास हुआ। उस समय यह पता नहीं चल पाया कि उन्हें सांप ने काटा है या किसी दूसरे जीव ने। इसके बाद उन्होंने रात में ज्यादा ध्यान नहीं दिया।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में आठवीं पास के लिए नौकरी : हर महीने 24 हजार तक मिलेगी सैलरी, जानें सबकुछ
सुबह अचानक बिगड़ने लगी हालत
सोमवार सुबह करीब 6 बजे रविंदर कुमार की तबीयत अचानक खराब होने लगी। उन्हें आंखों के आगे अंधेरा छाने लगा और उनकी हालत धीरे-धीरे गंभीर होती गई। परिजन बिना देर किए उन्हें सिविल अस्पताल बंगाणा लेकर पहुंचे।
अस्पताल में दिया गया एंटी स्नेक वेनम
बंगाणा अस्पताल में डॉक्टरों ने उनका तुरंत इलाज शुरू किया। सर्पदंश की आशंका को देखते हुए उन्हें एंटी स्नेक वेनम (एएसवी) का इंजेक्शन भी लगाया गया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना रेफर कर दिया।
यह भी पढ़ें : 63 दिन बाद भी शिमला जिप की कुर्सी खाली, शह मात के खेल में टल रहा चुनाव, निर्दलीय बने किंगमेकर
ऊना से होशियारपुर ले जाते समय मौत
क्षेत्रीय अस्पताल ऊना पहुंचने के बाद डॉक्टरों ने रविंदर कुमार की हालत को काफी नाजुक बताया। बेहतर उपचार के लिए उन्हें होशियारपुर रेफर किया गया। परिजन उन्हें होशियारपुर लेकर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही रविंदर कुमार ने दम तोड़ दिया।
मौत की खबर से परिवार में मचा कोहराम
रविंदर कुमार के निधन की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। स्थानीय लोगों ने बताया कि रविंदर कुमार मिलनसार और सरल स्वभाव के व्यक्ति थे। क्षेत्र में वे सभी के साथ अच्छे संबंध रखते थे। उनके अचानक निधन से पंचायत अरलू सहित आसपास के गांवों में शोक की लहर है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: घर से मायके जाने को निकली महिला हुई लापता, मोबाइल भी बंद; थाने पहुंचा देवर
बरसात में सावधानी बरतने की अपील
ग्रामीणों ने बरसात के मौसम में लोगों से खास सावधानी बरतने की अपील की है। लोगों का कहना है कि अगर किसी व्यक्ति को सांप के काटने की आशंका हो तो झाड़-फूंक या घरेलू इलाज में समय बर्बाद नहीं करना चाहिए। ऐसे मामले में तुरंत नजदीकी अस्पताल या स्वास्थ्य केंद्र पहुंचना चाहिए, क्योंकि समय पर सही इलाज मिलने से मरीज की जान बचाई जा सकती है।
