चंबा। हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में रविवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। पठानकोट-भरमौर नेशनल हाईवे पर चंबा-बटोट मार्ग स्थित दुनाली बस स्टेशन के पास ठाकुर बस सर्विस की एक निजी बस अचानक खिसककर सड़क के किनारे पहुंच गई।

हवा में लटकी बस

बस का अगला हिस्सा सड़क से बाहर निकलकर हवा में लटक गया, जिसे देखकर आसपास मौजूद लोगों के होश उड़ गए। राहत की बात यह रही कि घटना के समय बस में कोई यात्री सवार नहीं था, जिससे संभावित बड़ा हादसा टल गया।

यह भी पढ़ें- हिमाचल : ITI के पास चिट्टा बेच रहे थे दो युवक, पुलिस को देख बाइक छोड़ भागे, पीछा कर पकड़े

कैसे पेश आया हादसा?

जानकारी के अनुसार, यह घटना रविवार सुबह करीब 9 बजे की है। संबंधित बस रातभर दुनाली बस स्टेशन पर खड़ी थी। सुबह चालक ने बस को स्टार्ट किया और किसी आवश्यक कार्य के लिए नीचे उतर गया। इसी दौरान बस का एयर प्रेशर बनने के बाद वह धीरे-धीरे अपने स्थान से खिसकने लगी। चालक के बस से बाहर होने के कारण उसे तुरंत नियंत्रित नहीं किया जा सका और कुछ ही क्षणों में बस सड़क के किनारे पहुंच गई।

 

लोगों में मची अफरा-तफरी

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस का अगला हिस्सा सड़क से बाहर निकलकर हवा में लटक गया, जबकि पीछे का हिस्सा सड़क पर ही टिका रहा। यह दृश्य देखकर आसपास मौजूद लोगों में अफरातफरी मच गई। स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। कुछ देर तक लोगों की निगाहें बस पर टिकी रहीं, क्योंकि किसी भी समय उसके और नीचे खिसकने की आशंका बनी हुई थी।

यह भी पढ़ें : हिमाचल में भूकंप : सुबह-सवेरे डोली धरती, घरों से बाहर भागे लोग- क्या आपने महसूस किए झटके

बस में कितने लोग थे सवार?

गनीमत रही कि घटना के समय बस में चालक और परिचालक के अलावा कोई भी यात्री मौजूद नहीं था। यदि बस यात्रियों से भरी होती तो यह दुर्घटना बेहद गंभीर रूप ले सकती थी और जान-माल का भारी नुकसान हो सकता था। स्थानीय लोगों ने भी इसे बड़ी राहत बताते हुए कहा कि समय रहते बड़ा हादसा टल गया।

 

 

घटना की सूचना मिलने के बाद संबंधित अधिकारियों और बस संचालकों ने मौके पर पहुंचकर बस को सुरक्षित स्थान पर लाने की प्रक्रिया शुरू कर दी। भारी वाहन और आवश्यक उपकरणों की मदद से बस को सुरक्षित निकालने के प्रयास किए जा रहे हैं ताकि मार्ग पर किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।

यह भी पढ़ें : हिमाचल के अस्पताल में तड़पता रहा मरीज- घंटों तक नहीं आया डॉक्टर, थमीं सांसें- हुआ हंगामा

हादसे के कारणों की जांच

फिलहाल, दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बस के एयर प्रेशर बनने के बाद उसके अपने आप खिसकने की संभावना जताई जा रही है, हालांकि तकनीकी जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि घटना किसी यांत्रिक खराबी, लापरवाही या अन्य कारणों से हुई। प्रशासन ने भी मामले की जांच शुरू कर दी है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें