#अपराध
August 2, 2026
हिमाचल : ITI के पास चिट्टा बेच रहे थे दो युवक, पुलिस को देख बाइक छोड़ भागे, पीछा कर पकड़े
पुलिस की इस कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मचा हुआ है
शेयर करें:

सिरमौर। हिमाचल प्रदेश में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के बीच सिरमौर पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। गश्त के दौरान पुलिस ने दो संदिग्ध युवकों को पीछा कर दबोचा और उनके कब्जे से चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया। पुलिस को देखते ही दोनों आरोपी बाइक छोड़कर भागने लगे, लेकिन उनकी यह चाल ज्यादा देर नहीं चल सकी।
सिरमौर जिले के पुलिस थाना श्री रेणुका जी की टीम ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 3.15 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद कर दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, पुलिस थाना श्री रेणुका जी की टीम नियमित गश्त पर थी। इसी दौरान नवदुर्गा आईटीआई बड़ौन के समीप एक संदिग्ध मोटरसाइकिल (HP71A-6785) को जांच के लिए रोका गया।

पुलिस को सामने देखकर बाइक पर सवार दोनों युवक वाहन छोड़कर मौके से भागने लगे। हालांकि पुलिस टीम ने तुरंत पीछा कर दोनों को कुछ ही दूरी पर पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से 3.15 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद हुआ।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विभोर शर्मा निवासी बड़ौन और अजय तोमर निवासी कोटी धीमान, तहसील ददाहू, जिला सिरमौर के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना श्री रेणुका जी में NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि यह पता लगाया जा रहा है कि बरामद चिट्टा कहां से लाया गया था और इसे किसे सप्लाई किया जाना था। मामले में आगे की जांच जारी है।