चंबा। हिमाचल प्रदेश में मौसम ने अपना मिजाज बदलना शुरू कर दिया है। चंबा जिले के अलमी क्षेत्र में बुधवार देर शाम खराब मौसम के बीच आसमानी बिजली गिरने से बड़ा हादसा हो गया।

आसमानी बिजली गिरने से 30 भेड़-बकरियों की मौत

बिजली की चपेट में आने से 30 भेड़-बकरियों की मौत हो गई, जबकि 20 अन्य पशु घायल बताए जा रहे हैं। घटना के बाद मौके पर मौजूद पशुपालकों में अफरा-तफरी मच गई। हादसे में गद्दी समुदाय से जुड़े तीन पशुपालकों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।

यह भी पढ़ें- शाही स्नान से ठीक पहले मणिमहेश में बिगड़ा मौसम- यात्रा पर अस्थायी रोक, बर्फबारी ने बढ़ाई चिंता

3 परिवारों पर मंडराया आर्थिक संकट

प्रभावित पशुपालकों की पहचान तिलक, ठाकरू और भिंदर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि तीनों लिल्ह क्षेत्र के डगेड़ गांव के रहने वाले हैं। उनके पशुधन को इस प्राकृतिक आपदा में बड़ा नुकसान पहुंचा है।

तेज गर्जना के साथ गिरी बिजली

जानकारी के अनुसार बुधवार शाम अलमी क्षेत्र में मौसम अचानक खराब हो गया था। आसमान में बादल छाने के साथ तेज गर्जना हो रही थी। इसी दौरान अचानक आसमानी बिजली गिरी और वहां मौजूद भेड़-बकरियां इसकी चपेट में आ गईं।

यह भी पढ़ें- हिमाचल HC ने सुलझाया 40 साल पुराना मामला : पिता की जमीन पर शादीशुदा बेटी को दिया हक

मौके पर मची अफरा-तफरी

घटना के बाद प्रभावित पशुपालकों और स्थानीय लोगों ने तुरंत घायल पशुओं को संभालना शुरू किया। बड़ी संख्या में पशुओं के हताहत होने से मौके पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा। घायल भेड़-बकरियों को उपचार की जरूरत है और पशुपालक उनके स्वास्थ्य को लेकर चिंतित हैं।

पशुधन की मौत से बढ़ी आर्थिक परेशानी

गद्दी समुदाय के कई परिवारों के लिए भेड़-बकरियां उनकी आजीविका का प्रमुख साधन हैं। ऐसे में एक साथ 30 पशुओं की मौत होना प्रभावित परिवारों के लिए बड़ा आर्थिक झटका माना जा रहा है। मृत पशुओं के नुकसान के साथ घायल पशुओं के इलाज का खर्च भी अब पशुपालकों पर पड़ने की चिंता है।

यह भी पढ़ें : हिमाचल में BJP विधायक के बयान से सियासी हलचल, बोले- सांसदों में दम नहीं; CM को सराहा

प्रभावितों को दिया जाए मुआवजा

स्थानीय लोगों ने घटना की जानकारी संबंधित विभाग और प्रशासन को दी। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि प्रभावित पशुपालकों के नुकसान का जल्द आकलन करवाया जाए और सरकारी नियमों के तहत उन्हें राहत एवं मुआवजा उपलब्ध कराया जाए।

मौके पर भेजी जाएगी विभागीय टीम

SDM चिराग शर्मा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि उन्हें अलमी क्षेत्र में आसमानी बिजली गिरने से पशुओं के हताहत होने की सूचना मिली है। उन्होंने संबंधित विभाग के कर्मचारियों की टीम को मौके पर जाकर घटना की जांच करने के निर्देश दिए हैं।

यह भी पढ़ें- त्योहारी सीजन में हिमाचलियों को राहत- राशन डिपुओं में पहले से ज्यादा मिलेगा आटा, जानें

नुकसान का आकलन करेगी टीम

विभागीय टीम मौके पर पहुंचकर मृत और घायल पशुओं की संख्या सहित कुल नुकसान का आकलन करेगी। जांच रिपोर्ट के आधार पर प्रभावित पशुपालकों को नियमानुसार राहत उपलब्ध कराने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें