सोलन। हिमाचल प्रदेश के जिला सोलन से एक बेहद दुखद और दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। यहां पर एक तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित होकर पहले डिवाइडर पार करते हुए दूसरी लेन में जा पहुंची और सामने से आ रहे सेना के वाहन से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि चालक की मौके पर ही मौत हो गई।
डिवाइडर पार कर दूसरी लेन में पहुंची कार
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मामला जिला सोलन के कालका-शिमला नेशनल हाईवे-5 पर वाकनाघाट से सामने आया है। बता दें कि कार शिमला की तरफ से आ रही थी। जैसे ही कार वाकनाघाट के पास पहुंची, चालक अचानक वाहन से नियंत्रण खो बैठा। इसके बाद कार बेकाबू होकर डिवाइडर पार करते हुए दूसरी लेन में चली गई। इसी दौरान सामने से अपनी सही दिशा में आ रहे सेना के वाहन से कार की जोरदार टक्कर हो गई।
यह भी पढ़ें : सावधान हिमाचल! 4 जिलों में आंधी-तूफान और बिजली गिरने का अलर्ट; 2 दिन जमकर होगी बारिश
टक्कर के बाद कार के उड़े परखच्चे, अंदर फंसा रहा चालक
हादसा इतना भयानक था कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और चालक अंदर ही फंस गया। मौके पर मौजूद सेना के जवानों ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया। जवानों ने काफी मशक्कत के बाद कार में फंसे चालक को बाहर निकाला। हादसे में चालक को गंभीर चोटें आई थीं।
अस्पताल पहुंचने से पहले रास्ते में तोड़ा दम
हादसे के बाद सेना के जवानों और स्थानीय लोगों की मदद से घायल चालक को तुरंत शिमला के आईजीएमसी अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, उसकी हालत बेहद गंभीर थी और उसने अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान अर्पण कुमार के रूप में हुई है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में सरकारी नौकरी का इंतजार खत्म, सुक्खू सरकार करने जा रही 111 पदों पर भर्ती; जानें डिटेल
पुलिस ने दर्ज किया मामला, हादसे के कारणों की जांच शुरू
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और यातायात को सुचारू करवाया। ASP सोलन रमेश शर्मा ने बताया कि हादसे का शिकार हुई टियागो कार का टेंपरेरी नंबर HP/64TC/2019/4/2 है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, चालक तेज रफ्तार में गलत दिशा में कार चला रहा था, जिसके चलते यह हादसा हुआ। पुलिस ने कंडाघाट थाने में मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच की जा रही है।
