सोलन। हिमाचल प्रदेश के सोलन जिला स्थित मानपुरा थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है और स्थानीय लोगों ने सड़क सुरक्षा को लेकर सवाल उठाए हैं।

पुलिया से टकराकर खाई में गिरी बाइक

जानकारी के अनुसार दोनों युवक मोटरसाइकिल पर सवार होकर मानपुरा–ढेला सड़क से गुजर रहे थे। इसी दौरान बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई और पुलिया से टकराने के बाद खाई में जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि शमशेर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।

यह भी पढ़ें : हिमाचल : माता-पिता का इंतजार करते रह गए 2 मासूम, घर लौटी देह- गम में डूबा इलाका

घायल युवक को PGI रेफर

घायल युवक को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे पीजीआई रेफर कर दिया गया। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नालागढ़ अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

यह भी पढ़ें : हिमाचल में पंचायत प्रधानों का कार्यकाल आज समाप्त: चुनावों की तैयारी शुरू- मतदाता सूची जारी

रेलिंग न होने पर उठे सवाल

हादसे के बाद ग्रामीणों और मृतक के परिजनों में नाराजगी देखने को मिली। लोगों का कहना है कि संबंधित पुलिया पर रेलिंग नहीं लगी थी। उनका आरोप है कि अगर सुरक्षा रेलिंग होती तो बाइक खाई में नहीं गिरती और युवक की जान बच सकती थी।

पीडब्ल्यूडी पर कार्रवाई की मांग

परिवार और स्थानीय लोगों ने PWD पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है। वहीं, इस हादसे के बाद क्षेत्र में गम का माहौल है और लोग जांच की मांग कर रहे हैं।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें