शिमला। हिमाचल के शिमला जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। शुक्रवार को कुपवी जाते समय एक जवान की कार हादसे का शिकार हो गई। महज 25 साल की उम्र में भारतीय सेना के जवान की सड़क हादसे में जान चली गई। जिस बेटे से मां को बुढ़ापे में सहारे की उम्मीद थी, वही बेटा हमेशा के लिए दुनिया छोड़ गया। इस हादसे से पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है।

बुआ के निधन पर छुट्टी लेकर आए थे घर

बताया जा रहा है कि करीब 15 दिन पहले प्रकाश अपनी बुआ के निधन के चलते छुट्टी लेकर घर आए थे। शुक्रवार को कार नंबर HP08AA-0415 टिकरटी के पास हादसे का शिकार हो गई।

यह भी पढ़ें : देवभूमि शर्मसार: अब कैफे में युवती से नीचता, युवक ने कई बार किया मुंह काला,18 से भी कम है उम्र

टिकरटी के पास हुआ दर्दनाक हादसा

हादसे के समय वाहन में प्रकाश धिरटा पुत्र स्वर्गीय भीम सिंह, निवासी गांव कुजाह, डाकघर कांडा बनाह, तहसील कुपवी, जिला शिमला सवार थे। दुर्घटना के बाद आसपास के लोगों ने तुरंत उन्हें गंभीर हालत में सिविल अस्पताल कुपवी पहुंचाया। हालांकि, डॉक्टरों ने उन्हें बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन अस्पताल पहुंचते ही उन्होंने दम तोड़ दिया।

छुट्टी पर घर आए थे सेना के जवान प्रकाश धिरटा

प्रकाश धिरटा भारतीय सेना की पंजाब नाइन रेजीमेंट में तैनात थे और इन दिनों छुट्टी पर घर आए हुए थे। वह परिवार के साथ कुछ दिन बिताने के लिए घर पहुंचे थे, लेकिन किसी ने नहीं सोचा था कि छुट्टियां उनके जीवन की आखिरी छुट्टियां बन जाएंगी। अचानक हुए हादसे में उनकी मौत की खबर से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वहीं, जवान की मौत से पूरे क्षेत्र में भी मातम पसरा हुआ है।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल : घर से टायर लेने निकला था पूर्व प्रधान का बेटा, पंजाब की नहर में तैरती मिली देह

प्रशासन ने परिवार को दी 25 हजार रुपये की फौरी मदद

कुपवी का अतिरिक्त कार्यभार देख रहे उप मंडलाधिकारी चौपाल हेम चंद वर्मा ने जवान की मौत पर दुख जताया है। उन्होंने बताया कि प्रशासन की ओर से मृतक के परिवार को तत्काल मदद दी गई है। परिजनों को 25 हजार रुपये की फौरी राहत दी गई है।

सैन्य सम्मान से होगा अंतिम संस्कार

हादसे के बाद प्रकाश धिरटा के शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल नेरवा ले जाया गया। बताया जा रहा है कि रविवार को उनका अंतिम संस्कार पूरे सम्मान के साथ किया जाएगा। इस मौके पर सेना के जवान भी मौजूद रहेंगे और अपने साथी जवान को अंतिम विदाई देंगे।

यह भी पढ़ें- हिमाचल के अफसर और कर्मियों ने किया मनरेगा में घोटाला- 55 लाख डकारे, FIR दर्ज

विधायक बलबीर सिंह वर्मा ने जताया दुख

इस दर्दनाक हादसे पर चौपाल के विधायक बलबीर सिंह वर्मा ने भी गहरा दुख जताया है। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोकाकुल परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। विधायक ने ईश्वर से परिवार को इस मुश्किल घड़ी में दुख सहने की शक्ति देने की कामना की।

जवान की मौत से परिवार और पूरे इलाके को गहरा सदमा

प्रकाश धिरटा के अचानक चले जाने से उनके परिवार ने अपना एक बड़ा सहारा खो दिया है। देश की सेवा कर रहे एक जवान की इस तरह अचानक मौत से परिवार के साथ-साथ पूरा क्षेत्र गम में डूबा है। उनकी मौत को इलाके के लिए भी बड़ी और कभी न भर पाने वाली क्षति माना जा रहा है।