शिमला। हिमाचल प्रदेश के जिला शिमला में एक बेहद दुखद और दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया है। यहां पर एक कार अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना भयानक था कि कार सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।
गहरी खाई में गिरी कार
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसा जिला शिमला के चौपाल उपमंडल के नेरवा क्षेत्र में पेश आया है। यहां पर आज रविवार पंचायत पुजारली के दोछी के पास किरी-नाव सड़क पर एक आल्टो कार अचानक अनियंत्रित होकर करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना खतरनाक था कि कार के परखच्चे उड़ गए।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : कई पलटे खाने के बाद झाड़ियों में गिरी कार; 72 वर्षीय बुजुर्ग की मौ*त
दोनों की मौके पर चली गई जान
हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को भी इसकी जानकारी दी गई। बताया जा रहा है कि कार में दो लोग सवार थे। हादसा इतना गंभीर था कि दोनों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
मृतकों की पहचान
- नरेश कुमार 35 वर्षीय निवासी गांव दोछी, डाकघर रूसलाह, तहसील नेरवा
- जितेंद्र निवासी चाड़चधार धबास के रूप में हुई है। हादसे की खबर मिलते ही दोनों परिवारों में मातम छा गया।
यह भी पढ़ें : तेज बारिश में हुआ हा.दसा- मरीज को छोड़ने गई AMBULANCE दुर्घटनाग्रस्त, 2 लोग...
लोक निर्माण विभाग में कार्यरत था नरेश
बता दें कि नरेश कुमार लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) में मल्टी टास्क वर्कर के पद पर कार्यरत थे। उनके असामयिक निधन की खबर से विभाग के कर्मचारियों और स्थानीय लोगों में भी शोक का माहौल है। प्रशासन ने घटना की जानकारी संबंधित अधिकारियों को दे दी है और पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता देने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
पुलिस और प्रशासन ने संभाला मोर्चा
हादसे की सूचना मिलते ही नेरवा थाना पुलिस और प्रशासन की टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई। स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। पुलिस ने दोनों शवों को खाई से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसा आखिर किन कारणों से हुआ, इसका अभी तक पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना के हर पहलू की पड़ताल की जा रही है।
यह भी पढ़ें : सावधान हिमाचल! अगले 48 घंटे बेहद भारी, कई जिलों में तेज बारिश का रेड और ऑरेंज अलर्ट
इलाके में शोक का माहौल
एक ही हादसे में दो लोगों की मौत से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। ग्रामीणों ने इस घटना पर गहरा दुख जताया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पहाड़ी क्षेत्रों की सड़कों पर सावधानी बरतना बेहद जरूरी है, खासकर बरसात के मौसम में, क्योंकि फिसलन और खराब सड़कें दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ा देती हैं।
