मंडी। हिमाचल प्रदेश में बढ़ते नशे के मामलों ने अब एक और जिंदगी निगल ली है, जिससे एक बार फिर समाज को झकझोर कर रख दिया है। आए दिन सामने आ रही ऐसी घटनाएं न सिर्फ परिवारों को उजाड़ रही हैं, बल्कि पूरे प्रदेश के लिए चिंता का विषय बनती जा रही हैं। ताजा मामला जिला मंडी से सामने आया है, जहां एक युवक की नशे की हालत में नाली में गिरने से मौत हो गई, जिसके बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
नाली में शव मिलने की मिली सूचना
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मामला जिला मंडी जिले के धर्मपुर उपमंडल के तहत ख्यालाग गांव का है। बताया जा रहा है कि बीते कल सोमवार को 112 हेल्पलाइन के माध्यम से पुलिस को नाली के पास किसी युवक का शव होने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में मौसम का यू-टर्न: बढ़ते तापमान के बीच हुई बर्फबारी- गर्म कपड़े निकालने को मजबूर लोग
नशे की हालत में संदिग्ध पड़ा था शव
जब पुलिस और ग्रामीण वहां पहुंचे तो उन्होंने देखा कि निशु का चेहरा नाली के अंदर की ओर था और पानी उसकी गर्दन के ऊपर से बह रहा था। यह दृश्य देखकर हर कोई हैरान रह गया। परिवार के लोगों ने पुलिस को बताया कि निशु ने काफी ज्यादा शराब पी रखी थी और वह नशे की हालत में था।
संतुलन बिगड़ने से नाली में गिरा युवक
प्रारंभिक तौर पर यही आशंका जताई जा रही है कि नशे की वजह से उसका संतुलन बिगड़ गया और वह नाली में गिर गया। गिरने के बाद वह खुद को संभाल नहीं पाया और उसी हालत में पड़ा रहा, जिससे उसका दम घुट गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हालांकि अभी यह सिर्फ शुरुआती अंदाजा है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: पेड़ से झूलता मिला लापता व्यक्ति, 3 बच्चों के सिर से उठा पिता का साया- पत्नी रहती थी अलग
मृतक की पहचान
निशु उम्र 30 साल निवासी गांव ख्यालाग जिला मंडी के रुप में हुई है।
पुलिस को नहीं मिले शरीर पर कोई निशान
पुलिस ने मौके का बारीकी से निरीक्षण किया है। SP मंडी विनोद कुमार के अनुसार, घटनास्थल पर किसी तरह की संदिग्ध चीज या चोट के निशान नहीं मिले हैं, लेकिन फिर भी पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है, ताकि किसी भी तरह की सच्चाई छूट न जाए।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में बर्फ ने छीना सुहाग: मौ*त को मात देकर खाई से बाहर आई पत्नी, पति को ना बचा सकी
पोस्टमार्टम के बाद होगा मौत के कारणों का खुलासा
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए श्री लाल बहादुर शास्त्री मेडिकल कॉलेज, नेरचौक भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि मौत की असली वजह क्या थी। फिलहाल पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज कर लिए हैं और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है और लोग इस अचानक हुई मौत से बेहद दुखी हैं।
