मंडी। हिमाचल प्रदेश में इन दिनों बदलते मौसम का असर साफ तौर पर देखने को मिल रहा है। बारिश और बर्फबारी के चलते सड़कों पर फिसलन बढ़ गई है, जिससे हादसों का खतरा भी बढ़ गया है। ऐसे ही हालात के बीच जिला मंडी में एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया, जहां एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी और चालक की मौके पर ही मौत हो गई।

अनियंत्रित होकर गहरी खाई गिरी कार

प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसा मंडी जिला के सराज विधानसभा क्षेत्र में पेश आया है। जिसने पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ा दी है। देर रात हुए इस हादसे में एक व्यक्ति की जान चली गई, जब उसकी कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल में 'मित्रों' की मौज खत्म: CM सुक्खू ने सभी से छीना कैबिनेट दर्जा, सैलरी में भी कटौती

घर लौट रहा था चालक 

बताया जा रहा है कि व्यक्ति अपनी ऑल्टो कार नंबर HP32B0460 में बगस्याड से अपने घर लौट रहे थे। देर रात जब वह बगस्याड-शिकावरी सड़क पर आईपीएच रेस्ट हाउस के पास पहुंचे, तो अचानक उनकी कार का संतुलन बिगड़ गया और वाहन सीधे सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरा।

आधी रात को हुआ हादसा 

हादसा रात के अंधेरे में हुआ, इसलिए किसी को तुरंत इसकी जानकारी नहीं मिल पाई। सुबह जब स्थानीय लोग अपने काम के लिए निकले, तो उनकी नजर सड़क के नीचे गिरी हुई कार पर पड़ी। अनहोनी का शक होने पर जब लोग मौके पर पहुंचे  तो उन्होंने देखा कि अंदर व्यक्ति बेहोश हालत में पड़े हैं। 

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल: मुंह के बल नाली में गिरा युवक, शराब के नशे में उठ ना सका- दम घुटने से थमीं सांसें

स्थानीय लोगों ने पुलिस को दी सूचना 

करीब जाकर देखने पर पता चला कि उनकी मौके पर ही मौत हो चुकी है। घटना की जानकारी तुरंत मृतक के परिजनों और पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही जंजैहली पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। 

मृतक की पहचान

हादसे के असली कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है, लेकिन माना जा रहा है कि तेज रफ्तार, सड़क की हालत या अंधेरा हादसे की वजह हो सकते हैं। मृतक की पहचान नेक राम उम्र 49 साल गांव निवासी  सुनास जिला मंडी के रूप में हुई है। 

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल: 20 साल की थी लड़की और लड़का 22 साल का, जंगल में मिली दोनों की बॉडी

पुलिस कर रही मामले की जांच

SP मंडी विनोद कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस को कार के खाई में गिरने की सूचना मिली थी, जिसमें चालक की मौके पर ही मौत हो गई। उन्होंने कहा कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हर पहलू को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। इस हादसे के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल है। अचानक हुई इस घटना से परिवार और स्थानीय लोग गहरे सदमे में हैं।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें