मंडी। हिमाचल प्रदेश के जिला मंडी में एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया है। जिसने सभी को झकझोर कर रख दिया है। यहां एक बोलेरो गाड़ी अचानक  अनियंत्रित होकर 500 फिट गहरी खाई में जा गिरी।  हादसा इतना भयानक था कि गाड़ी के परखच्चे उड़ गए और इसमें सवार 24 वर्षीय युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

घर लौटते समय रास्ते में हुआ हादसा

प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसा मंडी जिले के करसोग उपमंडल के पोखी-कटाड़ा सड़क मार्ग पर पेश आया है। यहां युवक बीते कल देर रात  अपनी बोलेरो गाड़ी (HP-01M-6470) में पोखी से अपने घर की ओर लौट रहा था। 

यह भी पढ़ें-हिमाचल में अब कैमरे से पकड़े जाएंगे शराबी ड्राइवर, कटेगा भारी चालान- जेल की भी होगी सजा

बताया जा रहा है कि जब वह छला टला के पास पहुंचा तो अचानक गाड़ी से उसका नियंत्रण हट गया। देखते ही देखते बोलेरो सड़क से बाहर निकल गई और करीब 500 फुट नीचे गहरी खाई में जा गिरी।

हादसे की आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीण

देर रात हुए इस हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग तुरंत घटनास्थल की ओर दौड़े। अंधेरा होने के बावजूद ग्रामीणों ने हिम्मत दिखाई और पुलिस को इसकी सूचना दी। इसके बाद ग्रामीणों और पुलिस टीम ने मिलकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। खतरनाक और दुर्गम रास्ते के कारण रेस्क्यू में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा।

यह भी पढ़ें-हिमाचल के पहाड़ों से पिघली बर्फ : खोले जाएंगे डैम के गेट, नदी-नालों से रहें दूर; 3 जिलों में अलर्ट

कड़ी मशक्कत के बाद खाई से निकाला गया युवक

पुलिस और स्थानीय लोगों ने काफी मेहनत के बाद खाई में उतरकर युवक को बाहर निकाला, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। हादसे में डोली राज की मौके पर ही मौत हो गई थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

मृतक की पहचान 

डोली राज उम्र 24 साल,  पुत्र घनश्याम, निवासी गांव  कटाड़ा जिला मंडी के रूप में हुई है। 

यह भी पढ़े : हिमाचल : दिनदहाड़े स्कूल संचालिका को गो.लियों से भूना- प्रॉपर्टी को लेकर भाई से चल रहा था विवाद

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

डोली राज की अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव के लोगों के अनुसार डोली राज बेहद मेहनती, मिलनसार और सरल स्वभाव का युवक था। वह हमेशा दूसरों की मदद के लिए आगे रहता था। उसकी मौत की खबर मिलते ही कटाड़ा, पोखी और आसपास के गांवों में शोक का माहौल बन गया।

विधायक ने जताया दुख

इस दर्दनाक सड़क हादसे पर करसोग के विधायक दीप राज ने गहरा दुख जताया है। उन्होंने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त कीं और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। उन्होंने परिवार को इस मुश्किल समय में हिम्मत रखने की बात कही।

यह भी पढ़ें- हिमाचल में अगले 5 दिन बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट- कई क्षेत्रों में तूफान बढ़ाएगा मुसीबत

पुलिस ने शुरू की मामले की जांच

मामले की पुष्टि करते हुए करसोग के DSP चांद किशोर ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उन्होंने बताया कि शुरुआती जांच में हादसे की वजह वाहन से नियंत्रण खोना सामने आ रही है। हालांकि पुलिस दुर्घटना के कारणों की गहराई से जांच कर रही है।

पहाड़ी सड़कों पर सुरक्षा को लेकर उठी मांग

हादसे के बाद क्षेत्र के लोगों ने प्रशासन से पहाड़ी और जोखिम भरे सड़क मार्गों पर सुरक्षा इंतजाम मजबूत करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि ऐसे क्षेत्रों में क्रैश बैरियर, चेतावनी बोर्ड और अन्य सुरक्षा उपाय लगाए जाएं, ताकि भविष्य में किसी और परिवार को इस तरह का दुख न झेलना पड़े।