किन्नौर। हिमाचल प्रदेश के जिला किन्नौर से एक बेहद दुखद और दर्दनाक हादसा पेश आया है। जिसने सभी को गमगीन कर दिया है। यहां पर एक कार अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खड्ड में जा गिरी। हादसा इतना भयानक था कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई। 

घर जाते समय अचानक बेकाबू हुई कार

प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसा जिला किन्नौर की भावा वैली में देर रात करीब 10:30 पेश आया है। बताया जा रहा है कि व्यक्ति रात के समय यांगपा से अपने घर कासरिम की ओर जा रहे थे। इसी दौरान जब वह होमते पुल से करीब 400 से 500 मीटर आगे पहुंचे तो अचानक उनकी कार (HP 26B-0606) अनियंत्रित हो गई।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल में लगातार 3 दिन बारिश, ऊंची चोटियों पर होगी बर्फबारी- जानें मौसम अपडेट

 

देखते ही देखते कार सड़क से नीचे गहरी भावा खड्ड में जा गिरी। हादसा इतना गंभीर था कि बाबू राम को संभलने का मौका तक नहीं मिला और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान बाबू राम (58) पुत्र डालन, निवासी गांव यांगपा-2 के रूप में हुई है। 

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शुरू की जांच

हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने मौके का जायजा लिया और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भावानगर पहुंचाया। इसके बाद पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया गया।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल में नवंबर माह लाएगा बड़ी सौगात: कर्मचारियों-पेंशनरों को DA - तो व्यापारियों को GST में राहत

हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी पुलिस

SDPO भावानगर वरुण पटियाल ने हादसे की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। फिलहाल पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि कार किन कारणों से अनियंत्रित होकर खड्ड में गिरी। हादसे के सही कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल पाएगा।