कांगड़ा। काम पर गए व्यक्ति का परिवार रातभर  इंतजार करता रहा था, , लेकिन सुबह आई एक खबर ने पूरे परिवार को सदमे में डाल दिया। जिला कांगड़ा में एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है, जहां एक कार अनियंत्रित होकर करीब 20 फीट गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में पटवारी की मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही परिवार और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।

देर रात तक घर नहीं पहुंचे तो परिजनों ने पुलिस को दी सूचना

जानकारी के मुताबिक,  व्यक्ति सोमवार देर शाम गरली से घर के लिए निकले थे। काफी समय बीत जाने के बाद भी जब वह घर नहीं पहुंचे तो परिवार की चिंता बढ़ गई। परिजनों ने रक्कड़ पुलिस को इसकी जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संभावित रास्तों पर उनकी तलाश शुरू कर दी।

यह भी पढ़ें- हिमाचल पुलिस के ईमानदार सिपाही- अपराधियों पर कसते रहे शिकंजा, महकमे ने अवॉर्ड से नवाजा

सुबह खाई में पलटी मिली कार

मंगलवार सुबह करीब 8 बजे पुलिस को गरली-मुहीं रोड पर सड़क से नीचे खाई में एक कार पलटी हुई दिखाई दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो पता चला कि यह वही कार थी, जिसमें व्यक्ति घर के लिए निकला था। इसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने तुरंत राहत और बचाव का काम शुरू किया।

कार में फंसे पटवारी को अस्पताल पहुंचाया

हादसे के बाद प्रदीप कुमार कार के अंदर फंसे हुए थे। पुलिस और स्थानीय लोगों ने उन्हें बाहर निकाला और तुरंत अस्पताल पहुंचाया। हालांकि अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर मिलते ही परिवार और क्षेत्र के लोगों में मातम छा गया। मृतक की पहचान प्रदीप कुमार  के रूप में हुई। 

यह भी पढ़ें- हिमाचल हाईकोर्ट का बड़ा फैसला : बुढ़ापे में सेवा नहीं की तो लौटानी पड़ेगी जमीन...

मोड़ पर बिगड़ा होगा कार का संतुलन, जांच जारी

प्रारंभिक जांच में माना जा रहा है कि सड़क पर किसी मोड़ के पास कार का संतुलन बिगड़ गया होगा, जिसके बाद वाहन सड़क से नीचे खाई में जा गिरा। हालांकि पुलिस ने अभी हादसे की वजह पूरी तरह साफ नहीं होने की बात कही है। पुलिस दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए हर पहलू से जांच कर रही है।

प्रदीप कुमार के निधन से क्षेत्र में शोक

पटवारी प्रदीप कुमार के अचानक निधन से राजस्व विभाग के कर्मचारियों, गरली क्षेत्र और स्थानीय लोगों में शोक की लहर है। सहकर्मियों और स्थानीय लोगों ने उन्हें ईमानदार, मेहनती और मिलनसार अधिकारी बताते हुए श्रद्धांजलि दी। उनके निधन से परिवार और परिचितों को गहरा सदमा लगा है।

यह भी पढ़ें- हिमाचल : बाइक से नशे की खेप लेकर जा रहे थे दो यार, हेलमेट में छिपाया था चिट्टा- हुए अरेस्ट

पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा जाएगा शव

रक्कड़ थाना प्रभारी इल्म दीन ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। इसके बाद शव को परिजनों के हवाले किया जाएगा। पुलिस ने हादसे को लेकर मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के सही कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है।