कुल्लू। हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में सुबह एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया- जिसने पूरे क्षेत्र को गहरे सदमे में डाल दिया।आनी उपमंडल के रानाबाग-देऊरी मार्ग पर अचानक पहाड़ी से विशाल चट्टानें गिरने के कारण एक कार हादसे का शिकार हो गई।

हादसे में माता-पिता की मौत

इस हादसे में प्रसिद्ध स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. बृज ठाकुर और उनकी पत्नी सुनीता ठाकुर की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि, उनकी बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई है और उसकी हालत भी बेहद गंभीर बनी हुई है।

यह भी पढ़ें- हिमाचल : नदी से बरामद हुई 19 वर्षीय शबनम की देह, बकरियां चराते उफनते नाले में गिरी

मंदिर से लौटते समय हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, डॉ. बृज ठाकुर अपने परिवार के साथ खुढीजल मंदिर में दर्शन करने के बाद घर लौट रहे थे। सुबह करीब पौने 11 बजे जब उनकी कार रानाबाग-देऊरी मार्ग से गुजर रही थी, तभी अचानक पहाड़ी का एक हिस्सा दरक गया।

 

अचानक गिरने लगी चट्टानें

देखते ही देखते बड़ी-बड़ी चट्टानें तेज रफ्तार से नीचे आ गिरीं और सीधे उनकी चलती कार पर आ टकराईं। चट्टानों का वजन और जोरदार टक्कर इतनी भयावह थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

यह भी पढ़ें- हिमाचल : चलती कार पर दरकी पहाड़ी, बैलेंस खोकर खाई में गिरी- डॉक्टर और पत्नी ने तोड़ा दम

गाड़ी के उड़े परखच्चे

नियंत्रण खोने के बाद वाहन सड़क से नीचे नाले में जा गिरा। हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि कार के परखच्चे उड़ गए और वाहन पूरी तरह दब गया।

 

मौके पर ही दोनों की मौत

हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के लोग तुरंत घटनास्थल की ओर दौड़े। स्थानीय लोगों ने प्रशासन और पुलिस को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद राहत एवं बचाव दल मौके पर पहुंचा। टीम ने भारी मशक्कत के बाद कार तक पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया।

यह भी पढ़ें- हिमाचल में 10 वर्षीय अवनी की मौ**त : खाना खाने के बाद सोने गई थी, सदमे में माता-पिता

सिर और शरीर पर गहरी चोटें

जब तक बचाव दल ने कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला, तब तक डॉ. बृज ठाकुर और उनकी पत्नी सुनीता गंभीर चोटों के कारण दम तोड़ चुके थे। दोनों के सिर और शरीर पर गहरी चोटें आई थीं, जिनसे उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई।

 

बेटी की हालत नाजुक

कार में मौजूद उनकी बेटी गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिली। रेस्क्यू टीम ने काफी प्रयासों के बाद उसे सुरक्षित बाहर निकालकर तुरंत आनी के नागरिक अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने उसका उपचार शुरू कर दिया है। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है और डॉक्टर लगातार उसकी निगरानी कर रहे हैं।

यह भी पढ़ें- हिमाचल में लगातार बारिश बनी आफत : पहाड़ी से गिरीं भारी चट्टानें, मलबे से सड़कें बंद

क्षेत्र में शोक की लहर

डॉ. बृज ठाकुर के निधन की खबर फैलते ही रामपुर और आनी क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। उन्हें एक कुशल और समर्पित चिकित्सक के रूप में जाना जाता था। उनके असामयिक निधन से चिकित्सा जगत के साथ-साथ स्थानीय लोगों में भी गहरा दुख है। परिवार को जानने वाले लोगों ने इस हादसे को बेहद दुखद और अपूरणीय क्षति बताया है।

पुलिस ने शुरू की कानूनी कार्रवाई

घटना के बाद पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे। वहीं प्रशासन ने भी हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें