चंबा। हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही बारिश अब जानलेवा साबित होने लगी है। चंबा जिले के सलूणी उपमंडल से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां शाम के समय भेड़-बकरियां चराकर घर लौट रही एक युवती उफनते नाले के तेज बहाव में बह गई।

19 वर्षीय युवती नदी में बही

घटना इतनी अचानक हुई कि साथ मौजूद लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही युवती पानी के तेज बहाव के साथ दूर निकल गई। पूरी रात परिजन और ग्रामीण उसकी तलाश करते रहे, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। अब प्रशासन, होमगार्ड और दमकल विभाग की टीमें दूसरे दिन भी लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही हैं।

यह भी पढ़ें- हिमाचल में प्रचंड रूप दिखाएगा मानसून- अगले 5 दिन नहीं थमेगी बारिश, हाई अलर्ट पर कई जिले

घर लौटते समय हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, सलूणी उपमंडल की भांदल पंचायत के प्रेढ़ गांव की रहने वाली शबनम पुत्री गुलाम नबी रोज की तरह जंगल में भेड़-बकरियां चराने गई थी। शाम के समय जब वह वापस घर लौट रही थी, तब रास्ते में पड़ने वाले संघणी नाले का जलस्तर बारिश के कारण काफी बढ़ चुका था। इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह सीधे तेज बहाव में जा गिरी। कुछ ही पलों में पानी का बहाव उसे काफी दूर तक बहाकर ले गया।

ग्रामीणों ने देर रात तक की तलाश

हादसे के तुरंत बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने अपने स्तर पर युवती की तलाश शुरू कर दी। लोगों ने नाले के किनारे और डाउनस्ट्रीम इलाके में काफी देर तक खोजबीन की, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद घटना की सूचना प्रशासन और पुलिस को दी गई।

यह भी पढ़ें- 15 अगस्त से पहले हिमाचल में हड़कंप : केंद्रीय विद्यालय को मिली ब*म से उड़ाने की धम..की

अंधेरा और तेज बहाव बना चुनौती

भांदल पंचायत के प्रधान सुरेश कुमार ने बताया कि घटना के समय नाले में पानी का बहाव बेहद तेज था। लगातार बारिश के कारण जलस्तर बढ़ा हुआ था, जिससे राहत एवं बचाव कार्य प्रभावित हुआ। अंधेरा होने के कारण देर शाम सर्च ऑपरेशन रोकना पड़ा।

दूसरे दिन फिर शुरू हुआ सर्च ऑपरेशन

शुक्रवार सुबह उजाला होते ही प्रशासन ने दोबारा राहत एवं बचाव अभियान शुरू कर दिया। होमगार्ड और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचकर युवती की तलाश में जुटी हैं। स्थानीय ग्रामीण भी बड़ी संख्या में नाले के डाउनस्ट्रीम क्षेत्रों में खोजबीन कर रहे हैं, ताकि युवती का जल्द से जल्द पता लगाया जा सके।

यह भी पढ़ें- पावर की धौंस! HP पुलिस की 2 महिला कांस्टेबल ने SP पर जड़े आरोप, कॉल ट्रैक भी....

प्रशासन ने जारी की अपील

लगातार हो रही बारिश को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों, खड्डों और तेज बहाव वाले क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि प्रदेश के कई इलाकों में बारिश के कारण जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है और थोड़ी सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। लोगों से मौसम खराब होने के दौरान अनावश्यक यात्रा और उफनते नालों को पार करने से बचने की सलाह दी गई है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें