#राजनीति
June 28, 2025
प्रतिभा सिंह के बयान से गरमाई सियासत, दोबारा कमान संभालने को हैं तैयार; जानें क्या बोलीं
सुक्खू का समर्थन और प्रतिभा के बयान ने फिर बढ़ाई हाईकमान की टेंशन
शेयर करें:
शिमला। हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष पद को लेकर चल रही खींचतान पर आज प्रतिभा सिंह ने बड़ा बयान दिया है। प्रतिभा सिंह के इस बयान से ऐसा प्रतीत हो रहा है कि वह एक बार फिर प्रदेश अध्यक्ष की कमान संभालने के लिए तैयार हैं। उनके इस बयान से प्रदेश अध्यक्ष बनने का सपना देख रहे अन्य कांग्रेस नेताओं के चेहरों से मुस्कान खत्म होती दिख रही है। वहीं प्रतिभा सिंह के बयान से राजनीतिक गलियारों में भी चर्चाएं तेज हो गई हैं।
हिमाचल प्रदेश कांग्रेस पार्टी में बीते आठ महीनों से संगठन का न बनना अब गंभीर चिंता का विषय बनता जा रहा है। संगठनहीनता के इस दौर में कार्यकर्ताओं की हताशा और राजनीतिक असमंजस के बीच पार्टी की वरिष्ठ नेता व वर्तमान प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने एक बार फिर नेतृत्व संभालने की इच्छा जताई है। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा है कि यदि कांग्रेस आलाकमान उन्हें दोबारा प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपता है तो वह तन.मन.धन से पार्टी को मजबूत करने का काम करेंगी।
यह भी पढ़ें : हिमाचल BJP को जल्द मिलेगा नया अध्यक्ष: बिंदल, सिकंदर या कोई युवा चेहरा, जानें कौन बनेगा सरदार?
शिमला में एक कार्यक्रम के दौरान प्रतिभा सिंह ने कहा कि मैं पहले भी पार्टी की जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा से निभा चुकी हूं और यदि दोबारा मौका मिलता है तो संगठन को मजबूत करने में कोई कसर नहीं छोड़ूंगी। उन्होंने संगठन निर्माण में हो रही देरी पर भी चिंता जताई और कहा कि संगठन न होने से पार्टी जमीनी स्तर पर पिछड़ रही है, जबकि आगामी पंचायत चुनाव जैसे अहम चुनाव निकट हैं। ऐसे में संगठन का जल्द गठन बेहद जरूरी है।
बता दें कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने अभी हाल ही में बयान दिया था कि जिसमें उन्होंने कहा था कि यदि प्रतिभा सिंह को प्रदेश अध्यक्ष बनाया जाता है तो उन्हें इससे कोई आपत्ति नहीं है। सीएम सुक्खू का यह बयान राजनीतिक हलकों में कई तरह की अटकलों को जन्म दे गया था। यह बयान ऐसे समय पर आया है जब पार्टी में नेतृत्व को लेकर अलग.अलग गुट सक्रिय हैं और नई नियुक्तियों की संभावना को लेकर अंदरखाने चर्चाएं तेज हैं।
हालांकि प्रतिभा सिंह की सक्रियता और आलाकमान से अपेक्षाएं यह स्पष्ट करती हैं कि वे दोबारा पद की दौड़ में हैं, लेकिन इस बीच विनोद सुल्तानपुरी और विधानसभा उपाध्यक्ष विनय कुमार के नामों को लेकर भी अटकलें लगाई जा रही हैं। सुल्तानपुरी पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के करीबी माने जाते हैं और मंडी.शिमला बेल्ट में उनकी पकड़ मानी जाती है, जबकि विनय कुमार निचले हिमाचल में संतुलन साधने के लिए संभावित चेहरा माने जा रहे हैं। विनय कुमार अभी हाल ही में दिल्ली में कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे सभी मिलकर आए हैं।
वर्तमान में हिमाचल कांग्रेस में प्रदेश अध्यक्ष के अलावा कोई भी स्थायी संगठनात्मक ढांचा नहीं है। राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने करीब आठ माह पहले प्रदेश, जिला, ब्लॉक और महिला कांग्रेस समेत सभी कार्यकारिणियों को भंग कर दिया था। इससे पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच नेतृत्व का संकट और असमंजस की स्थिति उत्पन्न हो गई है। कार्यकर्ताओं की मानें तो संगठन विहीन कांग्रेस अब जमीनी स्तर पर कमजोर हो रही है और भाजपा जैसे सशक्त विपक्ष के सामने संगठनात्मक मजबूती की आवश्यकता पहले से कहीं ज्यादा है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: ED रेड के बाद ADC सरीन का बड़ा बयान: 'मैं अमीर घर से हूं' बदनाम करने की रची साजिश
प्रतिभा सिंह ने यह भी जानकारी दी कि छह बार के मुख्यमंत्री रहे वीरभद्र सिंह की शिमला रिज मैदान पर लगाई जा रही प्रतिमा का अनावरण अब 15 जुलाई को किया जाएगा। यह कार्यक्रम पहले 23 जून को वीरभद्र सिंह के जन्मदिन पर होना था, लेकिन कांग्रेस के शीर्ष नेताओं सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और खड़गे की व्यस्तता के चलते इस कार्यक्रम को टालना पड़ा। अब ये नेता 15 जुलाई को शिमला आ सकते हैं।