#राजनीति
October 16, 2025
हिमाचल कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष: कुलदीप राठौर के नाम पर लगी मुहर ! सिर्फ घोषणा बाकी
एक बार पहले भी अध्यक्ष रहे हैं राठौर
शेयर करें:
शिमला। हिमाचल प्रदेश कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष का चुनाव लंबे समय से चल रहा है। कभी विनय कुमार का नाम आगे आता है तो कभी रोहित ठाकुर का। अब खबर है कि ठियोग से विधायक कुलदीप सिंह राठौर रेस में सबसे आगे चल रहे हैं। इतना ही नहीं, सूत्र बताते हैं कि हाईकमान ने राठौर का नाम लगभग फाइनल कर दिया है। बस उनके नाम की औपचारिक घोषणा बाकी है।
बताया जा रहा है कि राहुल गांधी व मल्लिकार्जुन खड़गे से सहमति मिलने के बाद आज-कल या इसी हफ्ते में राठौर की ताजपोशी के ऑर्डर संभावित हैं। गौरतलब है कि साल 2019 से लेकर 2022 के बीच भी राठौर प्रदेश अध्यक्ष रह चुके हैं। इस बार ये दूसरी बार होगा अगर वे अध्यक्ष बनते हैं।
सूत्रों के मुताबिक होली लॉज की ओर से भी राठौर के नाम का समर्थन किया गया है। गौरतलब है कि राठौर के नेतृत्व में लड़े गए 4 उप चुनाव में कांग्रेस बीजेपी को हरा चुकी है। तब मंडी लोकसभा के अलावा अर्की, फतेहपुर व जुब्ब्ल-कोटखाई विधानसभा में उपचुनाव हुए थे।
इस दौरान देश में मोदी लहर व राज्य में जयराम के नेतृत्व वाली बीजेपी सरकार होने के बावजूद कांग्रेस ने चारों सीटों पर जीत हासिल की थी। इसके बाद कुलदीप राठौर का सियासी कद और बढ़ गया।
पार्टी हाईकमान ने वीरभद्र कार्ड खेलते हुए प्रतिभा सिंह को पार्टी का अध्यक्ष बनाया व राठौर को उप-चुनाव में जीत के इनाम के तौर पर ठियोग से विधानसभा का टिकट दिया। गौरतलब है कि राठौर अपने पहले ही चुनाव में ठियोग से विधायक चुने गए।
वर्तमान में प्रतिभा सिंह कांग्रेस अध्यक्ष हैं और राज्य में कांग्रेस की इकलौती पदाधिकारी भी। उनका तीन साल का कार्यकाल अप्रैल 2025 में पूरा हो चुका है। अब पार्टी को नए अध्यक्ष की जरूरत है जिसे लेकर लंबे समय से चिंतन चल रहा है।
सूत्रों के मुताबिक राठौर के नाम पर सीनियर नेताओं ने हामी भरी है। वैसे कुलदीप राठौर खुद इस जिम्मेदारी के लिए तैयार नहीं थे लेकिन अब वो ऐसा कह रहे हैं कि हाईकमान जो भी आदेश देंगे, वो उसकी अनुपालना करेंगे।
सूत्र कहते हैं कि सोनिया व राहुल गांधी दोनों ने राठौर के नाम पर सहमति जताई है। यही वजह है कि सीएम सुक्खू राठौर के नाम का विरोध नहीं कर पाए। बताया जाता है कि सीएम सुक्खू राठौर विरोधी खेमे से आते हैं।
बता दें कि प्रदेश कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल 10 अक्टूबर को शिमला आईं थीं। 11 तारीख को ठियोग में उन्होंने पार्टी वर्करों के साथ बैठक में राठौर की ईमानदारी की तारीफ कर उनके अध्यक्ष बनने के संकेत दे दिए थे।
वहीं राजा वीरभद्र सिंह की प्रतिमा के अनावरण पर कैबिनेट मंत्री स्टेज पर नहीं थे लेकिन कुलदीप राठौर को स्टेज पर देखा गया था। प्रतिभा सिंह ने भी इस दौरान उनकी तारीफ की थी।
गौरतलब है कि राठौर आज दिल्ली से शिमला लौट रहे हैं। हाईकमान ने उन्हें संगठन सृजन अभियान के तहत उत्तराखंड का प्रभारी बना रखा था। वे इसी की रिपोर्ट देने दिल्ली गए थे। दो दिन दिल्ली में रुकने के बाद वे आज शाम तक शिमला पहुंचेंगे।