#अपराध
October 16, 2025
हिमाचल BJP अध्यक्ष का भाई 14 दिन के भेजा जेल, वैदिक उपचार के बहाने युवती से की थी नीचता
सीने में उठा दर्द, अस्पताल में करवाया गया था राम कुमार को भर्ती
शेयर करें:
सोलन। हिमाचल प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल के भाई और सोलन के नामी वैद्य 81 वर्षीय राम कुमार बिंदल की गिरफ्तारी के बाद अब मामला सिर्फ कानून तक सीमित नहीं रहा, बल्कि प्रदेश की सियासत में भी हलचल तेज हो गई है।
राम कुमार बिंदल को अदालत ने अब न्यायिक हिरासत पर भेज दिया है। इससे पहले अदालत ने राम कुमार बिंदल को पांच दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा था। मगर आरोपी को अचानक सीने में दर्द की शिकायत हुई। जिसके चलते उसे अस्पताल में भर्ती करवाया गया था।
आपको बता दें कि बीते कल राम कुमार को क्षेत्रीय अस्पताल से छुट्टी मिली। जिसे बाद कोर्ट ने आरोपी को 14 दिन के न्यायिक रिमांड पर भेज दिया। अस्पताल में भर्ती होने के दौरान कोर्ट ने पुलिस को मेडिकल ऑफिसर की मौजूदगी में पूछताछ करने की हिदायत दी थी।
मामला 7 अक्टूबर का है। पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार पीड़िता 25 वर्षीय युवती वैदिक उपचार कराने के लिए आरोपी वैद्य के पास पहुंची थी। वहां आरोपी ने बीमारी का बहाना बनाकर पहले नसें दबाईं और फिर कथित रूप से युवती को प्राइवेट पार्ट की जांच के नाम पर छुआ, उसके साथ जबरदस्ती की।
युवती ने किसी तरह खुद को छुड़ाकर बाहर आकर इसकी शिकायत पुलिस में दर्ज करवाई। इसके बाद 8 अक्टूबर को सोलन महिला थाना में FIR दर्ज की गई और शुक्रवार शाम को पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी की तबीयत बिगड़ गई। सीने में दर्द की शिकायत पर उसे सोलन अस्पताल में भर्ती करवाया गया। सेहत में सुधार होने के बाद कल अस्पताल से राम कुमार बिंदल को छुट्टी मिल गई। जिसके चलते अब अदालत ने 14 दिन के लिए उसे जेल भेज दिया है।
आरोपों के बाद प्रदेश की सियासत भी गरमाने लगी है। महिला कांग्रेस की पूर्व प्रदेश अध्यक्ष जैनब चंदेल ने भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल से नैतिकता के आधार पर इस्तीफे की मांग की है। उन्होंने कहा कि जब एक बेटी के साथ इतनी घिनौनी वारदात हुई है तो भाजपा नेताओं की चुप्पी कई सवाल खड़े करती है। उन्होंने कहा कि “अब नारा ‘बेटी बचाओ’ नहीं, ‘भाजपा से बेटी बचाओ’ देना चाहिए।
महिला कांग्रेस ने पीड़िता को तत्काल सुरक्षा देने की मांग की है। उनका कहना है कि मामला हाई प्रोफाइल होने के कारण युवती पर दबाव या खतरा बढ़ सकता है। इसलिए उसे पुलिस प्रोटेक्शन दी जानी चाहिए ताकि न्याय की प्रक्रिया निष्पक्ष और सुरक्षित ढंग से पूरी हो सके।
आरोपी राम कुमार बिंदल सनातन धर्म मंदिर ट्रस्ट का प्रधान है और लंबे समय से RSS से जुड़ा रहा है। राम कुमार बिंदल के पिता सोलन के प्रसिद्ध वैद्य रहे हैं। राजनीतिक और सामाजिक दायरे में उनका नाम काफी प्रभावशाली माना जाता है। इसी कारण इस केस ने राजनीतिक रंग ले लिया है।
फिलहाल, पुलिस टीम ने पीड़िता के बयान कोर्ट में दर्ज करवा दिए हैं। साथ ही स्टेट फॉरेंसिक लैब, जुन्गा की टीम को बुलाकर मौके से साक्ष्य जुटा लिए हैं। पुलिस टीम द्वारा आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।