#राजनीति
March 1, 2025
हिमाचल कांग्रेस प्रभारी बोली- 15 दिन में बनेगा नया संगठन, एक पद का सिद्धांत होगा लागू
संगठन को मजबूत बनाकर पांच पांच साल की प्रथा को करेंगे खत्म
शेयर करें:
शिमला। हिमाचल में अगले 15 दिन में कांग्रेस को नया संगठन मिल जाएगा। इस बात का खुलासा हिमाचल कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल ने किया है। आज उन्होंने पार्टी मुख्यालय में नेताओं से बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में कहा कि उन्होंने दो दिन में पार्टी के नेताओं से बातचीत की है। अब इसकी रिपोर्ट हाईकमान को सौंपी जाएगी और अगले 15 दिन के अंदर प्रदेश में नया संगठन खड़ा किया जाएगा।
रजनी पाटिल ने कहा कि हिमाचल कांग्रेस में एक मजबूत संगठन खड़ा किया जाएगा। जिसमें हर वर्ग को तरजीह दी जाएगी। इसके अलावा कांग्रेस संगठन और सरकार में एक पद का सिद्धांत लागू होगा। यानी सरकार में किसी पद पर बैठे शख्स को संगठन में पद नहीं मिलेगा। इसी तरह से संगठन में पद पाने वालों को सरकार में पद नहीं दिया जाएगा।
यह भी पढ़ें : होलीलॉज पहुंची रजनी पाटिल, प्रतिभा सिंह- विक्रमादित्य से बंद कमरे में की गुफ्तगू
रजनी पाटिल ने कहा कि हिमाचल में ऐसा संगठन तैयार किया जाएगा, जो आने वाले समय में ना सिर्फ सरकार के साथ मजबूती के साथ खड़ा होगा। बल्कि सरकार की हर योजना को हर अंतिम लाइन में बैठे शख्स तक पहुंचाने का काम करेगा। जिससे हिमाचल में कांग्रेस संगठन को मजबूत बनाकर पांच साल कांग्रेस, पांच साल बीजेपी सरकार की प्रथा को खत्म किया जाएगा। साल 2027 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस दोबारा सरकार बनाएगी। जिसके लिए अभी से काम शुरू किया जाएगा।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में बारिश ने तोड़ा रिकॉर्ड- अब इन महीनों में पड़ेगी प्रचंड गर्मी, हीटवेव छुड़ाएगी पसीने
रजनी पाटिल के एक पद के सिद्धांत से सुक्खू सरकार में कई बड़े पदों पर बैठे लोग जो संगठन में भी जगह की तलाश कर रहे थे, उनकी उम्मीदों पर पानी फिरता हुआ नजर आ रहा है। माना जा रहा है कि सरकार अपने कई लोगों को संगठन में बैठाने का प्रयास कर सकता था, लेकिन अब एक पद के सिद्धांत से यह मुमकिन नहीं होगा।
वहीं प्रदेश अध्यक्ष के पद पर रजनी पाटिल ने कहा कि उन्हें अभी तक सिर्फ संगठन के गठन के निर्देश मिले हैं। जिस पर काम किया गया है। प्रदेश अध्यक्ष को लेकर उन्हें हाईकमान से अभी कोई आदेश नहंी मिले हैं। बता दें कि अप्रैल 2025 में प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह का कार्यकाल समाप्त हो रहा है। ऐसे में हिमाचल कांग्रेस को इसी साल नया प्रदेश अध्यक्ष भी मिलेगा।
यह भी पढ़ें : उत्तराखंड में बर्फ का पहाड़ टूटने से हिमाचल के 7 मजदूर फंसे, नाम आए सामने
पार्टी सूत्र बताते हैं कि प्रतिभा सिंह को हटाने या फिर पद पर बनाए रखने का फैसला अब रजनी पाटिल की रिपोर्ट पर निर्भर करेगा। पाटिल दो दिन से शिमला में कांग्रेस के नए संगठन को लेकर पार्टी नेताओं से फीडबैक ले रही हैं। कल वह वापस दिल्ली लौटेंगी और हाईकमान को रिपोर्ट सौंपेगी। इस रिपोर्ट पर प्रदेश अध्यक्ष का फैसला निर्भर करेगा।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में ट्रांसफर के लिए तैयार रहें अधिकारी- CM ने जारी किए हैं आदेश
इससे पहले आज सुबह रजनी पाटिल ने जाखू मंदिर में पूजा अर्चना की और उसके बाद वह सीधे होलीलॉज पहुंची थी। यहां पर उन्होंने प्रतिभा सिंह और विक्रमादित्य सिंह से करीब एक घंटा राजनीतिक चर्चा की है। उसके बाद वह कांग्रेस कार्यालय आ गईं। यहां पर उन्होंने विधायकों, पूर्व विधायकों सहित अन्य नेताओं के साथ बैठक की।
इस दौरान रजनी पाटिल ने भाजपा पर भी हमला किया। रजनी पाटिल ने कहा कि भाजपा ने कांग्रेस की सरकार को गिराने के लिए ऑपरेशन लोट्स किया, लेकिन उनका यह ऑपरेशन लोटस फेल हो गया। इसके अलावा भी भाजपा कभी ईडी और कभी सीबीआई की रेड से दवाब बनाने का प्रयास किया। लेकिन हर बार भाजपा की उम्मीदों पर पानी फिर गया।
यह भी पढ़ें : सीएम सुक्खू कल जा रहे दिल्ली, प्रभारी के सामने नेताओं की नाराजगी तो वजह नही; जानें
रजनी पाटिल ने कहा कि भाजपा के साथ यह लड़ाई अभी खत्म नहीं हुई है। कांग्रेस राहुल गांधी, सोनिया गांधी के नेतृत्व में लड़ाई लड़ रही है। बीजेपी झूठा प्रचार कर रही है कि हिमाचल कांग्रेस एकजुट नहीं है। उन्होंने दावा किया कि पूरी पार्टी एकजुट है। प्रदेश सरकार अच्छा काम कर रही है।