#विविध
October 6, 2025
हिमाचल: पंचतत्व में विलीन हुआ जवान, 3 साल के बेटे ने दी मुखाग्नि; पार्थिव देह देख मां-पत्नी हुई बेसुध
सेना के जवानों ने अपने साथी को दी अंतिम श्रद्धांजली
शेयर करें:
मंडी। हिमाचल प्रदेश का मंडी जिला आज अपने वीर जवान की मौत पर गम के सागर में डूब गया। करवाचौथ पर छुट्टी लेकर घर आ रहे थाची गांव के 26 वर्षीय फौजी ढमेश्वर दत्त की सड़क हादसे में मौत हो गई। आज सोमवार को जवान का सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। जवान को उसके तीन वर्षीय बेटे ने मुखाग्नि दी। इस दिल दहला देने वाले नजारे को देख कर वहां मौजूद हर आंख नम हो गई।
इससे पहले जवान की पार्थिव देह जैसे ही उसके घर पहुंची, जवान की मां और पत्नी की चीखों से पूरा क्षेत्र दहल उठा। उनकी चीखों को सुन कर वहां मौजूद हर शख्स की आंखों से आंसू बहने लगे। बताया जा रहा है कि जवान अपने माता पिता का इकलौता बेटा था और उसके आगे दो मासूम बच्चे हैं। जिसमें बड़ा बेटा तीन साल का तो छोटी बेटी अभी मात्र आठ माह की है।
यह भी पढ़ें: हिमाचल: अंडरग्राउंड चल रहे SDM को हाईकोर्ट से मिली राहत, पीड़िता से भी हो चुका है समझौता
जवान की पार्थिव देह जैसे उसके गांव पहुंची तो ढमेश्वर दत्त अमर रहे भारत माता की जय के नारे पूरे गांव में गूंज उठे। हर आंख नम थी। रास्ते में लोगों ने फूलों की वर्षा कर अपने क्षेत्र के जवान को श्रद्धांजली अर्पित की। जवान को अंतिम विदाई देने के लिए भारी संख्या में लोग मौजूद रहे। ढमेश्वर की अंतिम यात्रा में सैकड़ों लोग शामिल हुए। पूरे राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया।
यह भी पढ़ें : पति-भाई के साथ हिमाचल घूमने आई थी महिला, अब देह लेकर लौटेंगे मुंबई; टैंकर से टकराई थी बाइक
सबसे मार्मिक दृश्य तब था जब ढमेश्वर के तीन वर्षीय बेटे विवेन ने अपने पिता को मुखाग्नि दी। उस क्षण हर व्यक्ति की आंखें नम हो गईं। सेना के अधिकारियों ने राष्ट्रध्वज तिरंगा उनके पिता राम सिंह को सौंपा, जिसके साथ पूरा गांव गर्व और शोक के मिश्रित भाव से भर गया। इस दौरान एसडीएम गोहर बचित्र सिंह ठाकुर, आर्मी अधिकारी, व्यापार मंडल के सदस्य और स्थानीय लोग मौजूद रहे।
इस हादसे ने दोनों परिवारों को झकझोर कर रख दिया है। हादसे में जहां जहां माता-पिता का इकलौता सहारा छिन गया है। वहीं, करवाचौथ से महज तीन दिन पहले महिला का सुहाग उजड़ गया है।
बताया जा रहा है कि 26 वर्षीय फौजी धमेश्वर दत्त अपने दो अन्य साथियों के साथ कार से घर आ रहे थे। धमेश्वर के दोनोंं अन्य साथी भी हिमाचल से ही संबंध रखते हैं। इस हादसे में धमेश्वर के एक साथी 24 वर्षीय कुलदीप की मौत हो गई है। जबकि, तीसरा साथी आशीष निवासी पांवटा साहिब, सिरमौर गंभीर रूप से घायल है।
फौजी धमेश्वर दत्त अपने माता-पिता का इकलौता सहारा थे। इकलौते बेटे की मौत के बाद माता-पिता का रो-रो कर बुरा हाल है। माता-पिता बेटे के घर आने के खबर से बेहद खुश थे और उसके आने की राह देख रहे थे। मगर किस्मत को कुछ और ही मंजूर था।
धमेश्वर शादीशुदा थे और उनके दो छोटे-छोटे बच्चे हैं। धमेश्वर का बड़ा बेटा 3 साल का है और छोटी बेटी महज 8 महीने की है। इस हादसे ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया है। धमेश्वर की पत्नी और माता-पिता का रो-रो कर बुरा हाल है।
परिजनों ने बताया कि उनका बेटा धमेश्वर हिमाचल के ही रहने वाले अपने दो अन्य साथियों के साथ फिरोजपुर से छुट्टियां बिताने घर लौट रहे था। शनिवार शाम को श्री चमकौर साहिब रूपनगर लुधियान रोड पर सामने आ रही एक महिंद्रा पिकअप गाड़ी के साथ कार की जोरदार टक्कर हो गई।
हादसे के वक्त धमेश्वर के साथ उसके दो और साथी सवार थे। इस हादसे में धमेश्वर और उसके एक साथ की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि, तीसरे साथी की हालत भी गंभीर बनी हुई है। हादसे में गाड़ी के परखच्चे उड़ गए हैं।