#हादसा

October 6, 2025

पति-भाई के साथ हिमाचल घूमने आई थी महिला, अब देह लेकर लौटेंगे मुंबई; टैंकर से टकराई थी बाइक

मुंबई से पति और भाई के साथ आई थी हिमाचल घूमने

शेयर करें:

shimla Rampur accident News

रामपुर बुशहर (शिमला)। हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला से एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। यहां मुंबई से आई एक महिला पर्यटक की सड़क हादसे में मौत हो गई। यह महिला अपने भाई और पति के साथ हिमाचल घूमने आई थी। लेकिन दुखद बात यह है कि एक भाई को अपनी बहन और पति को पत्नी की लाश लेकर वापस लौटना पड़ेगा। इस हादसे से उनकी दुनिया ही उजड़ गई है। 

शिमला के रामपुर में हुआ हादसा

मिली जानकारी के अनुसार यह हादसा शिमला जिला के उपमंडल रामपुर में आज दोपहर के समय हुआ है। पर्यटक बाइक पर सवार होकर रामपुर घूमने के लिए निकले थे। इसी दौरान उनकी बाइक की एक टैंकर से जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में बाइक पर अपने भाई के साथ बैठी महिला की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं बाइक चला रहा उसका भाई गंभीर रूप से घाल हो गया। 

 

यह भी पढ़ें : कौन होगा हिमाचल कांग्रेस का नया हेड... आज हो जाएगा फैसला ! रजनी पाटिल ने दिल्ली बुलाए सीएम सुक्खू

मुंबई से हिमाचल घूमने आई थी महिला

प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो यह हादसा राष्ट्रीय उच्च मार्ग-5 पर उस समय हुआ जब एक तेज रफ्तार टैंकर ने सामने से आ रही बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि बाइक पर सवार महिला की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि उसका भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा रामपुर बुशहर के ज्यूरी पेट्रोल पंप के पास हुआ। मृतक महिला की पहचान रचना सोनाली (44) पत्नी जवाहर सोनाली निवासी ग्रेटर मुंबई के रूप में हुई है।

 

यह भी पढ़ें: हिमाचल: अंडरग्राउंड चल रहे SDM को हाईकोर्ट से मिली राहत, पीड़िता से भी हो चुका है समझौता

 

हादसे में घायल युवक का नाम चिराग कैनिमा बताया जा रहा है, जो मृतका का भाई है। स्थानीय लोगों की मदद से घायल को तुरंत सिविल अस्पताल रामपुर ले जाया गया, जहां से उसकी गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद शिमला रेफर कर दिया गया है। 

किन्नौर घूमने जा रहे थे पर्यटक

बताया जा रहा है कि महाराष्ट्र से छह बाइक और दो कारों में सवार एक पर्यटक दल शिमला से किन्नौर की ओर जा रहा था। सुबह करीब 11 बजे जब यह दल रामपुर से आगे ज्यूरी क्षेत्र में पहुंचा, तभी बाइक को सामने से आ रहे तेल टैंकर ने टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टैंकर तेज रफ्तार में था और मोड़ पर अचानक बाइक सामने आने से चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल : करवाचौथ से 3 दिन पहले उजड़ा महिला का सुहाग, आज होगा फौजी पति का अंतिम संस्कार

पति दूसरी बाइक पर था सवार

दुर्घटना के समय मृतक महिला का पति जवाहर सोनाली भी साथ था, जो दूसरी बाइक पर सवार था। पत्नी की मौत की खबर से वह घटनास्थल पर ही बेसुध हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए खनेरी अस्पताल भेज दिया है और परिजनों को हादसे की सूचना दे दी गई है।

टैंकर चालक हिरासत में, जांच जारी

घटना की जानकारी मिलते ही रामपुर पुलिस मौके पर पहुंची और टैंकर चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार और सड़क पर अचानक संतुलन बिगड़ना बताया जा रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल: NIT के दो छात्र नशे की खेप के साथ धरे, ड्रग ओवरडोज से एक युवक की गई थी जान

स्थानीय लोगों ने उठाई सुरक्षा उपायों की मांग

इस हादसे के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश देखा गया। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि ज्यूरी मोड़ को ब्लैक स्पॉट घोषित कर यहां स्पीड ब्रेकर और चेतावनी संकेतक बोर्ड लगाए जाएं ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को टाला जा सके।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख