शिमला। हिमाचल प्रदेश में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कुछ इलाकों में हल्की बारिश हुई है। मौसम विभाग के अनुसार, आज यानी रविवार (1 नवंबर) को मध्य और ऊंचाई वाले पहाड़ी इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है। वहीं, सोमवार को कुछ जगहों पर बारिश के साथ बर्फबारी होने की भी संभावना है। हालांकि, सप्ताह के बाकी दिनों में मौसम साफ रहने का अनुमान है।

अगले 48 घंटे पहाड़ी इलाकों में बारिश और बर्फबारी के आसार

मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 48 घंटों के दौरान प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश और बर्फबारी हो सकती है। हालांकि, मैदानी और निचले इलाकों में मौसम साफ रहने की संभावना है। मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में एक-दो जगह हल्की बारिश हो सकती है। वहीं, ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बारिश के साथ बर्फबारी भी हो सकती है। रविवार को चंबा, कांगड़ा, कुल्लू और लाहौल-स्पीति के कुछ इलाकों में हल्की बारिश या बर्फबारी होने का अनुमान है।

यह भी पढ़ें : सुक्खू सरकार ने खिलाड़ियों पर की धनवर्षा, सावन को 2.64 करोड़-रेणुका को मिला 2.20 करोड़ का सम्मान

अक्टूबर में सामान्य से 16 फीसदी ज्यादा बरसे बादल

मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार, हिमाचल प्रदेश में अक्टूबर महीने के दौरान सामान्य से ज्यादा बारिश दर्ज की गई है। 1 से 31 अक्टूबर तक प्रदेश में 29.1 मिलीमीटर बारिश हुई, जबकि इस दौरान सामान्य बारिश का आंकड़ा 25.1 मिलीमीटर रहता है। इस तरह अक्टूबर में सामान्य से 16 फीसदी अधिक बारिश रिकॉर्ड की गई है।

यह भी पढ़ें- हिमाचल की जनता को त्योहारी सीजन में झटका, राशन डिपुओं पर 19 रुपये महंगा हुआ सरसों तेल

जिलों की बात करें तो किन्नौर में सामान्य से 31 फीसदी और सिरमौर में 36 फीसदी कम बारिश हुई है। मंडी जिले में बारिश सामान्य रही, जबकि प्रदेश के बाकी 9 जिलों में सामान्य से ज्यादा बारिश दर्ज की गई है। मौसम विभाग का कहना है कि 2 नवंबर तक प्रदेश में बारिश की संभावना है। इसके बाद मौसम साफ और शुष्क रहने के आसार हैं।

कुकुमसेरी में माइनस में पहुंचा तापमान, ऊना में दिन सबसे गर्म

बारिश और बर्फबारी के बाद प्रदेश के ऊंचे और जनजातीय इलाकों में ठंड बढ़ने लगी है। रात के समय तापमान में काफी गिरावट दर्ज की जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार, रविवार को लाहौल-स्पीति के कुकुमसेरी में सबसे कम तापमान माइनस 1.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। यानी यहां तापमान जमाव बिंदु से भी नीचे चला गया है।

यह भी पढ़ें : हिमाचल सरकार को मिलेंगे 2000 करोड़ : 35 साल से था इंतजार, जानें क्या है पूरा मामला

दूसरी ओर, मैदानी इलाकों में दिन के समय अभी भी गर्मी महसूस हो रही है। शनिवार को ऊना में सबसे अधिक तापमान 32.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 4 से 5 दिनों तक प्रदेश के अधिकतर हिस्सों में न्यूनतम और अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है।