शिमला। पिछले तीन दिनों से पड़ रही झुलसाने वाली गर्मी के बाद हिमाचल प्रदेश में मौसम ने करवट ले ली है। शुक्रवार तड़के कांगड़ा जिले में हल्की बारिश दर्ज की गई, जबकि हमीरपुर के सुजानपुर और बड़सर क्षेत्र में भी बूंदाबांदी से मौसम सुहावना हो गया। वहीं, राजधानी शिमला, मंडी और आसपास के कई इलाकों में सुबह से बादलों का डेरा बना हुआ है।
हिमाचल में मौसम हुआ कूल-कूल
मौसम विभाग के अनुसार अगले 48 घंटों तक प्रदेश में मौसम खराब बना रह सकता है। किन्नौर और लाहौल-स्पीति को छोड़कर राज्य के लगभग सभी जिलों में बारिश और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है।
यह भी पढ़ें : आचार संहिता के बीच CM सुक्खू ने बुलाई कैबिनेट बैठक, कई बड़े फैसलों पर टिकी नजर- जानें
कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट
चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जबकि अन्य जिलों में येलो अलर्ट लागू रहेगा। विभाग ने चेतावनी दी है कि कई क्षेत्रों में 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
तापमान में आई गिरावट
मौसम में आए इस बदलाव से तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की उम्मीद है। इससे बीते कई दिनों से गर्मी और हीटवेव से परेशान लोगों को राहत मिलने की संभावना है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल ने खोया एक और लाल, हाई वोल्टेज तार से झुलसे भारतीय सेना के लांस नायक मुकेश
दो दिन बारिश होगी
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, सक्रिय वेस्टर्न डिस्टरबेंस के प्रभाव से शुक्रवार और शनिवार को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश के आसार बने रहेंगे। हालांकि 24 मई से यह सिस्टम कमजोर पड़ने लगेगा।
दोबारा गर्मी करेगी परेशान
इसके चलते 24 और 25 मई को केवल ऊंचाई वाले और मध्यम पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। जबकि मैदानी इलाकों में मौसम अपेाकृत साफ रहने का अनुमान है। 26 मई के बाद फिर से मौसम खुलने लगेगा और तापमान बढ़ने के साथ गर्मी दोबारा लोगों को परेशान कर सकती है।
यह भी पढ़ें- हिमाचल : भाई के BIRTHDAY पर 10 वर्षीय बहन की मौ.त, पिता को यमुना में मिली देह
44 पहुंच गया था पारा
उधर, बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कई इलाकों में तापमान सामान्य से काफी अधिक दर्ज किया गया। ऊना जिला सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 44.3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो सामान्य से 5.8 डिग्री अधिक है। हमीरपुर के नेरी में पारा 41 डिग्री, सुंदरनगर में 39.9 डिग्री, मंडी में 38.8 डिग्री और कांगड़ा में 38.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
पहाड़ों में हीटवेव का असर
हीटवेव का असर अब पहाड़ी क्षेत्रों में भी साफ दिखाई देने लगा है। शिमला का अधिकतम तापमान सामान्य से 5.1 डिग्री अधिक होकर 30.5 डिग्री तक पहुंच गया, जबकि सोलन में पारा 36 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया- जो सामान्य से करीब 3.8 डिग्री ज्यादा है। लगातार बढ़ते तापमान ने ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भी लोगों की परेशानी बढ़ा दी थी, लेकिन अब मौसम बदलने से राहत की उम्मीद जगी है।
