शिमला। हिमाचल प्रदेश में दो दिन तक साफ मौसम और तेज धूप के बाद अब एक बार फिर मौसम करवट लेने जा रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, 19 मई से प्रदेश में नया वेस्टर्न डिस्टरबेंस सक्रिय होने वाला है- जिसका असर लगातार 23 मई तक देखने को मिल सकता है।

मौसम का बदला मिजाज

इस सिस्टम के सक्रिय होते ही कई जिलों में बादल घिरने, तेज हवाएं चलने, गरज-चमक के साथ बारिश होने और कुछ इलाकों में आंधी-तूफान जैसी स्थिति बनने की संभावना जताई गई है।

यह भी पढ़ें : हिमाचल : घर से वोट डालने निकला बुजुर्ग, पोलिंग बूथ के पास थमी सांसें- सदमे में परिवार

3 दिन बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने विशेष तौर पर चंबा, कांगड़ा और कुल्लू जिलों के लिए 19 से 21 मई तक यलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार इन क्षेत्रों में कहीं-कहीं 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

आसमानी बिजली गिरने की आशंका

इसके साथ आसमानी बिजली गिरने की भी आशंका है, जिसको देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। पहाड़ी इलाकों में मौसम अचानक बदल सकता है, इसलिए खुले स्थानों और नदी-नालों के आसपास जाने से बचने की अपील की गई है।

यह भी पढ़ें : डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री नहीं बचा पाए अपना इलाका, टाहलीवाल में कांग्रेस को मिली हार; भाजपा जीती

आज साफ रहेगा मौसम

हालांकि, आज प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम साफ रहने की संभावना है। सुबह से ही तेज धूप खिलने के आसार हैं, जिससे तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है। मौसम साफ रहने के कारण मैदानी और निचले क्षेत्रों में गर्मी लोगों को परेशान कर सकती है।

कई जिलों में बढ़ेगा तापमान

खासकर ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, कांगड़ा और मंडी के निचले इलाकों में दोपहर के समय तेज गर्म हवाओं का असर महसूस किया जा सकता है। अनुमान है कि कई शहरों के अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है।

यह भी पढ़ें : मुकेश अग्निहोत्री के गृह जिला ऊना में बुरी तरह से हारी कांग्रेस, 6 में से 5 निकायों पर भाजपा का कब्जा

बारिश से मिली राहत

पिछले कुछ दिनों से लगातार बदलते मौसम और बीच-बीच में हुई बारिश के कारण इस बार मई महीने में गर्मी का असर सामान्य वर्षों की तुलना में कम देखने को मिला है। मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, मई महीने में अब तक प्रदेश में सामान्य से लगभग 2 प्रतिशत अधिक वर्षा दर्ज की गई है। यही कारण रहा कि मई के मध्य तक भी कई क्षेत्रों में मौसम सुहावना बना रहा और लोगों को भीषण गर्मी का सामना नहीं करना पड़ा।

किसानों-बागवानों पर असर

विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले दिनों में भी बारिश का दौर जारी रहने से तापमान में गिरावट आएगी और पर्वतीय क्षेत्रों में ठंडक बनी रहेगी। ऊंचाई वाले इलाकों में सुबह और शाम के समय हल्की ठंड का एहसास भी हो सकता है। वहीं किसानों और बागवानों के लिए यह मौसम मिश्रित असर वाला माना जा रहा है।

यह भी पढ़ें : मिसेज CM कमलेश का चल गया जादू: भाजपा से छीन ली देहरा-जवालामुखी नप; दर्ज की जीत

मौसम अपडेट पर बनाए नजर

मौसम विभाग ने पर्यटकों और स्थानीय लोगों से मौसम अपडेट पर नजर बनाए रखने की अपील की है। खासकर पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा करने वाले लोगों को सावधानी बरतने और खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी गई है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें