शिमला। राजधानी शिमला में बुधवार को बारिश के बीच ढली-संजौली बाईपास पर अचानक पहाड़ी का एक बड़ा हिस्सा दरक गया। देखते ही देखते भारी मलबा सड़क पर आ गिरा और उस समय वहां से गुजर रहे कई वाहन इसकी चपेट में आ गए। भूस्खलन का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें घटना के दौरान सड़क पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी साफ दिखाई दे रही है।

बारिश के बीच अचानक दरकी पहाड़ी

वीडियो में देखा जा सकता है कि हाईवे पर सामान्य तरीके से वाहनों की आवाजाही चल रही थी। इसी दौरान अचानक पहाड़ी से मलबा नीचे आने लगा। कुछ वाहन चालक तेजी से अपनी गाड़ियां निकालने में सफल रहे, जबकि कुछ वाहन मलबे के बीच फंसते हुए नजर आए। सड़क के किनारे मौजूद कुछ लोगों ने भी स्थिति को भांपते ही वहां से दौड़कर अपनी जान बचाई।

 

यह भी पढ़ें: सांसद कंगना रनौत का बयान- केंद्र पर बोझ बन गया हिमाचल, मुझे शर्मिंदगी महसूस होती है

 

घटना बुधवार को उस समय हुई, जब शिमला में मौसम खराब था और कई इलाकों में बारिश हो रही थी। बारिश के दौरान पहाड़ी क्षेत्रों में जमीन खिसकने का खतरा पहले से बढ़ जाता है। ढली बाईपास का यह हिस्सा भी भूस्खलन की घटनाओं को लेकर संवेदनशील माना जाता है।

पहले भी हो चुकी हैं घटनाएं

स्थानीय जानकारी के मुताबिक, ढली बाईपास के इस हिस्से में पहले भी भूस्खलन की घटनाएं सामने आती रही हैं। जिस स्थान पर ताजा लैंडस्लाइड हुआ है, उसके आसपास सड़क किनारे वाहन भी खड़े दिखाई देते हैं। घटनास्थल के सामने एक मंदिर भी मौजूद है।

 

यह भी पढ़ें: कहीं पुलिस पर छोड़ दिए कुत्ते, तो कहीं SHO पर चढ़ा दी गाड़ी- हिमाचल में नशा तस्कर बेखौफ

 

फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यह है कि भूस्खलन की चपेट में आने वाले वाहनों में सवार लोगों की स्थिति क्या है और घटना में कितना नुकसान हुआ है। प्रशासन की ओर से विस्तृत जानकारी सामने आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगी।